Share This Article रायपुर, 25 अगस्त 2026/ B.Sc Agriculture Career : कृषि अब केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं रह गई है। विज्ञान, तकनीक, नवाचार, एग्री-टेक, खाद्य प्रसंस्करण, टिकाऊ कृषि और उद्यमिता के बढ़ते दायरे ने कृषि शिक्षा को युवाओं के लिए एक व्यापक और रोजगारोन्मुख क्षेत्र बना दिया है। बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि करने वाले विद्यार्थियों के सामने सरकारी नौकरी से लेकर रिसर्च, बैंकिंग, एग्री-बिजनेस और अपना कारोबार शुरू करने तक कई विकल्प मौजूद हैं। B.Sc Agriculture के बाद क्या-क्या कर सकते हैं? चार वर्षीय बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान के साथ कई आधुनिक विषयों का अध्ययन कराया जाता है। इसमें मृदाविज्ञान, आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन, जैव प्रौद्योगिकी, कीट विज्ञान, पादप रोग विज्ञान, उद्यानिकी, कृषि अर्थशास्त्र, कृषि मौसम विज्ञान, कृषि सूक्ष्म जीव विज्ञान और कृषि व्यवसाय प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं। कृषि स्नातक सरकारी विभागों, कृषि प्रसार, ग्रामीण विकास, कृषि विपणन, बीज संगठनों और विभिन्न कृषि विकास कार्यक्रमों में करियर बना सकते हैं। बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में कृषि ऋण, ग्रामीण बैंकिंग, फसल बीमा और कृषि वित्त से जुड़े अवसर भी उपलब्ध हैं। प्राइवेट सेक्टर में भी बढ़ रहे अवसर निजी क्षेत्र में बीज, उर्वरक, फसल संरक्षण, जैव-इनपुट, कृषि मशीनरी, खाद्य प्रसंस्करण, एग्री-टेक, कृषि मार्केटिंग और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में कृषि स्नातकों की भूमिका बढ़ रही है। भविष्य की खेती में तकनीक की भूमिका और बढ़ने वाली है। ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, GIS, रिमोट सेंसिंग, सटीक कृषि, डिजिटल कृषि, स्मार्ट सिंचाई और IoT जैसे क्षेत्र कृषि विशेषज्ञता वाले युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं। नौकरी नहीं, अपना बिजनेस भी शुरू कर सकते हैं बी.एससी. कृषि युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रखती, बल्कि अपना उद्यम शुरू करने का अवसर भी देती है। युवा नर्सरी, बीज उत्पादन, मशरूम उत्पादन, संरक्षित खेती, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जैव उर्वरक, जैव कीटनाशी, कस्टम हायरिंग सेंटर, ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं, मिट्टी एवं जल परीक्षण, मधुमक्खी पालन, खाद्य प्रसंस्करण और डिजिटल कृषि परामर्श जैसे क्षेत्रों में व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। IGKV में पढ़ाई के साथ प्रैक्टिकल अनुभव इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विद्यार्थियों को प्रायोगिक कक्षाओं, खेत प्रयोगों, शैक्षणिक भ्रमण और अनुभवात्मक अधिगम के जरिए व्यावहारिक ज्ञान दिया जाता है। विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं, चावल अनुसंधान सुविधाओं और NABL मान्यता प्राप्त कीटनाशी अवशेष विश्लेषण प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। IGKV के पास 22,000 से अधिक पारंपरिक धान जर्मप्लाज्म का संग्रह भी है, जो फसल सुधार, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु अनुकूलन से जुड़े अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण है। करियर गाइडेंस और प्लेसमेंट पर भी जोर विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास के लिए विश्वविद्यालय में करियर मार्गदर्शन और प्लेसमेंट तंत्र विकसित किया गया है। इसके तहत कैंपस प्लेसमेंट, करियर काउंसलिंग, उद्योग संवाद, कौशल विकास, व्यक्तित्व विकास, व्यावसायिक अभिमुखीकरण और पूर्व छात्र सहभागिता जैसे अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। 12वीं के बाद कृषि में बना सकते हैं करियर प्रवेश परामर्श 2026-27 के तहत 12वीं उत्तीर्ण ऐसे विद्यार्थी, जिनकी रुचि विज्ञान, प्रकृति, तकनीक, ग्रामीण विकास, व्यवसाय या उद्यमिता में है, बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि को करियर विकल्प के तौर पर चुन सकते हैं। कृषि शिक्षा के जरिए विद्यार्थी सरकारी सेवा, बैंकिंग, अनुसंधान, उच्च शिक्षा, कृषि व्यवसाय, एग्री-टेक, खाद्य प्रसंस्करण, कंसल्टिंग, उद्यमिता और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ सकते हैं। Share This Article Post navigation देश का पहला गैर-जीएमओ उच्च गुणवत्ता पॉपकॉर्न मक्का हाईब्रिड बीज जारी B.Sc Agriculture Admission 2026 : सीट दिलाने के नाम पर पैसे मांगे तो सावधान…! IGKV ने छात्रों-पालकों को किया अलर्ट