BalodBalod
Share This Article

रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ के बालोद शहर की सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए तेजाब हमले के मामले का पुलिस ने करीब आठ घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने और उससे शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज यश ने करीब तीन महीने पहले ही उस पर तेजाब हमला कराने की साजिश रची थी।


जानकारी के अनुसार, बालोद निवासी युवती सोमवार को रोज की तरह पुस्तकालय से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी करण कुंजाम ने उस पर तेजाब फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।


वारदात के बाद आरोपी तांदुला बांध की ओर भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया।


उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के दृश्य खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।


पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में अलग-अलग कहानियां बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। बाद में उसने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने और उससे शादी करने से इनकार करने के कारण यश नाराज था।


पुलिस के अनुसार, यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर तेजाब फेंकने की योजना बनाई थी। करण भैरमगढ़, जिला बीजापुर का निवासी है।


यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा। दोनों ने 27 सितंबर को तेजाब खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके।


पुलिस के मुताबिक, इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12.30 बजे युवती जब पुस्तकालय से घर लौट रही थी, तभी यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर तेजाब फेंक दिया। हमला करने के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध पहुंचा। वहां से वाहन से आगे बढ़ते हुए वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा।


इधर, यश से पूछताछ के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने उसे कोंडागांव से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है।


पुलिस ने आरोपियों के कथित बयान के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किया गया तेजाब और घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


गिरफ्तार आरोपियों में यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नेवारिकला, वार्ड नंबर 11, जिला बालोद और करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर शामिल हैं।


बालोद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि आरोपियों ने तेजाब दुर्ग से खरीदा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि तेजाब किस व्यक्ति से खरीदा गया और उसकी बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार की गई थी या नहीं। उन्होंने कहा कि जांच में यदि तेजाब बेचने वाला व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


एसपी के अनुसार, दोनों आरोपी बीजापुर में रहकर पढ़ाई करते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। पुलिस का कहना है कि इसी दोस्ती के आधार पर दोनों ने मिलकर वारदात की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।


कार्रवाई में बालोद थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, गुरुर थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी समेत कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर प्रकोष्ठ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, उन्हें धमकी देने या परेशान करने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


Share This Article