Share This Article रायपुर, 08 अगस्त 2026/ Bango Dam Water Level : जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो जलाशय में जलभराव तेजी से बढ़ रहा है। जलाशय में मौजूदा समय में 89.55 प्रतिशत पानी भर चुका है। पानी की आवक बढ़ने की स्थिति में जलाशय का गेट कभी भी खोला जा सकता है। इसे देखते हुए हसदेव नदी के किनारे और संभावित बाढ़ क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-3 माचाडोली के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि बारिश के कारण जलाशय में जलभराव लगातार बढ़ रहा है। आवश्यकता पड़ने पर माचाडोली स्थित बांध से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जाएगा। बाढ़ क्षेत्र से संपत्तियां हटाने के निर्देश जल संसाधन विभाग ने हसदेव नदी के किनारे बाढ़ क्षेत्र में स्थापित चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की सूचना जारी की है। बाढ़ क्षेत्र में मौजूद खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और संस्थानों को भी अपनी संपत्तियां सुरक्षित स्थानों पर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ आने से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नहीं होगा। गांवों में मुनादी कराने के निर्देश बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रभावित और संभावित गांवों में बाढ़ चेतावनी की मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संभावित बाढ़ क्षेत्र में आने वाले गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड़, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोड़ा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं। जलाशय में पानी की आवक और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में गेट खोले जाने के बाद हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों और बाढ़ क्षेत्र में मौजूद संस्थानों को सतर्क रहने की अपील की गई है। Share This Article Post navigation Crocodile Rescue : खेत में बैठा मिला 4 फीट का मगरमच्छ…! किसानों ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू Raipur Railway Station : रायपुर स्टेशन पर अचानक बिगड़ी यात्री की तबीयत…! रेलवे कर्मचारियों की तत्परता ने बचाई जान