Butterfly and Moth Survey 2025
Butterfly and Moth Survey 2025
Share This Article

रायपुर, 11 अक्टूबर 2025/ ETrendingIndia / A glimpse into the colourful world of nature – ‘Butterfly and Moth Survey 2025’ to be held in Barnawapara / बारनवापारा बटरफ्लाई मोथ सर्वे 2025 , प्रकृति की अद्भुत विविधता को करीब से देखने और समझने का अवसर इस बार छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार- भाटापारा जिले के
बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य में मिलने जा रहा है। यहाँ 6 से 8 नवम्बर 2025 तक तीन दिवसीय ‘बटरफ्लाई एवं मोथ सर्वे 2025’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य तितलियों और पतंगों की प्रजातियों की पहचान, उनके प्राकृतिक आवास का अध्ययन तथा आम जन में जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार श्री धम्मशील गणवीर ने बताया कि वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार यह आयोजन केवल वैज्ञानिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण शिक्षा और जन जागरूकता के दृष्टिकोण से भी एक महत्वपूर्ण पहल है। बारनवापारा की हरियाली और शांत वातावरण में प्रतिभागियों को प्रकृति से जुड़ने का अनूठा अनुभव प्राप्त होगा।

यह कार्यक्रम पर्यावरण जागरूकता एवं प्रकृति संरक्षण गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इसमें विद्यार्थी, शोधार्थी और प्रकृति प्रेमी भाग ले सकते हैं। पंजीयन शुल्क सामान्य प्रतिभागियों के लिए ₹2,500 तथा विद्यार्थियों के लिए ₹2,000 निर्धारित किया गया है। केवल 40 प्रतिभागियों को ही इस विशेष अभियान में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इच्छुक प्रतिभागी 20 अक्टूबर 2025 तक पंजीयन कर सकते हैं।

सर्वेक्षण के दौरान तितलियों-पतंगों की पहचान एवं फोटोग्राफी के साथ-साथ कलात्मक पेंटिंग, प्रकृति एवं वन्यजीव विषयक चित्रकला प्रतियोगिता, तथा वन्यजीवों से जुड़ी प्रेरक कहानियों जैसी गतिविधियाँ भी आयोजित होंगी।

यह आयोजन न केवल तितलियों की रंगीन दुनिया को जानने का अवसर देगा, बल्कि हमें यह भी याद दिलाएगा कि जैव विविधता का संरक्षण ही एक संतुलित और सुंदर पृथ्वी का आधार है।