रायपुर, 31 मई/ Bastar Health Mission: Health Team Walks 13 KM to Reach Village; 227 Villagers Screened
Bastar Health Mission : दंतेवाड़ा के सुदूर और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इंसानियत की मिसाल पेश की।
टीम ने बैलाडीला क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम बड़ेपल्ली पहुंचने के लिए 13 किलोमीटर का कठिन पहाड़ी रास्ता पैदल तय किया और गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 227 ग्रामीणों की जांच की।

ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच
शिविर में मलेरिया, सिकल सेल, हीमोग्लोबिन, मधुमेह और ब्लड प्रेशर सहित कई जरूरी जांच की गईं। जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
स्वास्थ्य टीम ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों की विशेष जांच की। एक हाई रिस्क गर्भवती महिला को बेहतर इलाज और सुरक्षित प्रसव के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं हाई बीपी और डायबिटीज से पीड़ित 12 मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
विष्णु देव साय की पहल पर चल रहे इस अभियान के जरिए दूरस्थ बस्तर के ग्रामीणों को घर के पास स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही आयुष्मान भारत योजना, पोषण और स्वच्छता को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
