Share This Article रायपुर, 30 सितंबर 2026। Bastar Olympics 2026 : बस्तर क्षेत्र के युवाओं को खेलों के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए पंजीयन 1 अक्टूबर से शुरू होगा। तीन चरणों में होने वाले आयोजन में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 1 से 30 अक्टूबर तक होगा पंजीयन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार बस्तर ओलंपिक के लिए 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन किया जाएगा। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर और संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं। विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में शामिल कराने के निर्देश दिए हैं। जूनियर और सीनियर वर्ग में खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग के तहत 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे। वहीं सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। एथलेटिक्स समेत कई खेलों में होगी प्रतियोगिता बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स के तहत 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले शामिल हैं। इसके अलावा तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं भी होंगी। हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है। पिछले दो संस्करणों में लाखों खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा बस्तर के युवाओं को खेलों के जरिए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक का पहला संस्करण आयोजित किया गया था। इसमें करीब 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया था। वर्ष 2025 में आयोजित दूसरे संस्करण में पंजीयन कराने वाले खिलाड़ियों की संख्या बढ़कर 3 लाख 91 हजार हो गई। दोनों संस्करणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से पहले संस्करण के 13 और दूसरे संस्करण के 18 खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित किया गया था। Share This Article Post navigation Asian Games 2026 : एशियन गेम्स में भारत का डबल गोल्ड धमाका, तीरंदाजी में लगातार दो स्वर्ण, लवलीना फाइनल में एशियन गेम्स 2026 : कंपाउंड आर्चरी में भारत का दबदबा, पुरुष टीम ने चीन को हराकर जीता गोल्ड