रायपुर, 29 जुलाई। Battery Sprayer Distribution : अनुसूचित जाति के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में आईसीएआर-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (ICAR-NIBSM), रायपुर ने बड़ी पहल की है। संस्थान ने अनुसूचित जाति उपयोजना (SCSP) के तहत बेलटुकरी गांव के 60 किसानों को बैटरी संचालित स्प्रेयर वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य किसानों की खेती को आधुनिक बनाना, लागत कम करना और उत्पादन बढ़ाना है।
कार्यक्रम में आईसीएआर-एनआईबीएसएम के निदेशक डॉ. पी.के. राय ने कहा कि संस्थान आधुनिक कृषि यंत्र, वैज्ञानिक तकनीक और क्षमता विकास कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी आवश्यकता आधारित तकनीकों और विस्तार गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
ICAR की बड़ी पहल से हाईटेक होगी खेती
संयुक्त निदेशक डॉ. अनिल दीक्षित ने धान की रोपाई के बाद अपनाई जाने वाली आवश्यक सस्य क्रियाओं और वैज्ञानिक खरपतवार प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर खरपतवार नियंत्रण से फसल की बेहतर वृद्धि और अधिक उत्पादन सुनिश्चित होता है।
वहीं संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने किसानों को धान की शुरुआती अवस्था में लगने वाले प्रमुख कीटों और रोगों की पहचान, रोकथाम तथा समेकित प्रबंधन की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने समय पर कीट एवं रोग नियंत्रण अपनाने की सलाह दी ताकि फसल सुरक्षित रहे और बेहतर उत्पादन मिल सके।
बैटरी संचालित स्प्रेयर प्राप्त करने वाले किसानों ने संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे कीटनाशक एवं रोग नियंत्रण का कार्य आसान, तेज और कम लागत में हो सकेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरण और वैज्ञानिक मार्गदर्शन से खेती अधिक उत्पादक, किफायती और टिकाऊ बनेगी।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच संतोष कुर्रे, सतनाम गौतम, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. के.सी. शर्मा, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पी. मूवनथन सहित संस्थान के कई वैज्ञानिक और अधिकारी मौजूद रहे। किसानों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
