Share This Article

रायपुर, 22 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बस्तर फाइटर आरक्षक के 417 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसमें से अनारक्षित के लिए 19, ओबीसी के लिए 68,अनुसूचित जाति के लिए 40 तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 290 पद है।

इस भर्ती में केवल बीजापुर जिले के स्थानीय निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 2 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा। चयनित उम्मीदवारों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-4 के अनुसार वेतन मिलेगा।

12 दिसंबर आवेदन की अंतिम तारीख

आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बीजापुर में कार्यालयीन समय के दौरान शाम 5 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा अनुविभागीय अधिकारी( पुलिस) कार्यालय भैरमगढ़, कुटुरु, फरसेगढ़, भोपालपट्टनम, आवापल्ली में भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं. डाक से आवेदन भेजने वाले अभ्यर्थियों को केवल पंजीकृत डाक का उपयोग करना होगा। आवेदन अंतिम तिथि तक कार्यालय पहुंचना अनिवार्य है।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

  • सामान्य अभ्यर्थियों के लिए छत्तीसगढ़ या मध्यप्रदेश के विद्यालय से 10वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है।
  • अनुसूचित जनजाति तथा नक्सल प्रभावित परिवारों के अभ्यर्थियों के लिए 5वीं उत्तीर्ण होने पर भी पात्रता का प्रावधान है।
  • 1 जनवरी 2026 को न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए।
  • एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को अधिकतम आयु में 5 वर्ष तथा स्थानीय महिला अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की छूट मिलेगी। अन्य नियमानुसार छूट भी लागू होगी।

शारीरिक मापदंड

पुरुष अभ्यर्थियों के लिए वर्ग के अनुसार न्यूनतम ऊंचाई 150 से 163 सेंटीमीटर निर्धारित है। महिला अभ्यर्थियों के लिए यह 148 से 153 सेंटीमीटर होगी। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का निर्धारित माप भी जरूरी है। महिला अभ्यर्थियों को सीने के माप से छूट रहेगी। अभ्यर्थियों का शारीरिक और चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है।

ऐसे होगा चयन, कुल 170 अंक

  • शारीरिक दक्षता परीक्षा : 100 अंक। इसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक तथा 100 और 800 मीटर दौड़ शामिल हैं।
  • लिखित परीक्षा : 50 अंक। इसमें सामान्य ज्ञान, बुद्धि क्षमता, गणित, स्थानीय भूगोल, संस्कृति और परंपराओं से संबंधित वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे।
  • साक्षात्कार : अधिकतम 20 अंक।
  • बोनस अंक : अधिकतम 30 अंक।

इन योग्यताओं पर मिलेंगे अतिरिक्त अंक

हैवी मोटर वाहन लाइसेंस और एनसीसी/एनएसएस के सी प्रमाणपत्र पर 5-5 अंक मिलेंगे। वहीं, बीजापुर जिले की स्थानीय बोली का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को 20 बोनस अंक दिए जाएंगे।

इन वर्गों को मिलेगा आरक्षण

भूतपूर्व सैनिकों और पूर्व अग्निवीरों के लिए 10-10 प्रतिशत, स्थानीय महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत, नगर सैनिकों के लिए 25 प्रतिशत तथा सहायक आरक्षकों के लिए 15 प्रतिशत समस्तरीय आरक्षण का प्रावधान है। आरक्षण शासन के नियमों के अनुसार लागू होगा।


Share This Article
Advertisement Carousel