Bird Flu VaccineBird Flu Vaccine
Share This Article

भोपाल, 20 नवंबर 2026। Bird Flu Vaccine : बर्ड फ्लू यानी एवियन इन्फ्लुएंजा से मुर्गियों को बचाने की दिशा में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (निह्साद) के वैज्ञानिकों ने H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के खिलाफ स्वदेशी टीका विकसित किया है। शुक्रवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस टीके का औपचारिक लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान में 300 करोड़ रुपये की लागत से BS-4 लैब बनाने की घोषणा भी की।

मुर्गियों को छह महीने तक सुरक्षा मिलने की उम्मीद

संस्थान के अनुसार, इस टीके से मुर्गियों को करीब छह महीने तक सुरक्षा मिलने की संभावना है। टीकाकरण से पक्षियों में संक्रमण फैलने, वायरस के उत्सर्जन और दूसरे पक्षियों तक बीमारी पहुंचने की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। इससे पोल्ट्री फार्मों में बर्ड फ्लू के प्रकोप के कारण होने वाले बड़े आर्थिक नुकसान को रोकने में मदद मिल सकती है।

इस टीके को विकसित करने का काम सितंबर 2025 में शुरू हुआ था और अगस्त 2026 में इसे तैयार कर लिया गया। निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल के मार्गदर्शन और वैज्ञानिक डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में वैज्ञानिकों की टीम ने इसे विकसित किया। संस्थान में इसका परीक्षण भी किया गया।

परीक्षण में संक्रमण रोकने में सफल रहा टीका

वैक्सीन के परीक्षण के दौरान टीका लगाई गई मुर्गी को बर्ड फ्लू के वायरस के संपर्क में लाया गया। उसके साथ रखी दूसरी मुर्गी में वायरस का संक्रमण नहीं फैला। परीक्षण के नतीजों से टीके की संक्रमण के प्रसार को रोकने की क्षमता सामने आई। यह टीका अंडे देने वाली मुर्गियों और चूजा पैदा करने वाले पक्षियों के लिए उपयोगी होगा।

इससे बर्ड फ्लू फैलने की स्थिति में बड़ी संख्या में मुर्गियों को मारने की जरूरत कम हो सकती है। इसका सीधा लाभ पोल्ट्री किसानों को मिलने और कुक्कुट पालन क्षेत्र को सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।

एक से दो रुपये हो सकती है एक खुराक की कीमत

संस्थान के अनुसार, इस टीके की एक खुराक की अनुमानित कीमत एक से दो रुपये हो सकती है। देश में इसकी सालाना मांग 80 से 100 करोड़ खुराक तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। भारत में करीब 85.18 करोड़ मुर्गियों की आबादी को देखते हुए इस टीके को पोल्ट्री क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले देश में H5N1 वायरस के इस संबंधित क्लेड के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक टीका उपलब्ध नहीं था।

ICAR के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने इसे वन हेल्थ के नजरिए से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 से भारत में H5N1 के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। पक्षियों में ही बीमारी को नियंत्रित करने से मनुष्यों में इसके फैलने का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।

वैक्सीन बनाने वाले आठ वैज्ञानिकों का सम्मान

कार्यक्रम में टीका विकसित करने वाली टीम के आठ वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी को सम्मान पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की। सम्मानित वैज्ञानिकों में डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरुगार, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. डी. सेंथिल कुमार, डॉ. नवीन कुमार और डॉ. आर. योगीशराध्या शामिल हैं।

90 लाख से अधिक पोल्ट्री पालकों को मिल सकता है लाभ

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि पशु स्वास्थ्य और किसानों की आजीविका की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है। देश में 90 लाख से अधिक छोटे, मध्यम और घरेलू स्तर के पोल्ट्री पालक इस व्यवसाय से जुड़े हैं। बर्ड फ्लू के प्रकोप के दौरान मुर्गियों की मौत और उन्हें बड़े पैमाने पर नष्ट करने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी टीका इस नुकसान को कम करने में मददगार हो सकता है। पक्षियों में बीमारी को नियंत्रित करना वन हेल्थ के दृष्टिकोण से भी जरूरी है, क्योंकि इससे पशुजन्य संक्रमण के मनुष्यों तक पहुंचने का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।


Share This Article
Advertisement Carousel