Share This Article रायपुर, 27 नवम्बर 2027/ ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस चरण में छत्तीसगढ़ के हर व्यक्ति की जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक जानकारी संकलित की जाएगी। जनगणना कार्य को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आज मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने सभी संभागायुक्तों, जिला कलेक्टरों, जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जनगणना का कार्य पूर्ण करने तथा मैदानी स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यशाला में डिप्टी रजिस्ट्रार जनगणना ऑफ इंडिया श्रीमती वृषाली वराडे, अपर मुख्य सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, जनगणना निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल उपस्थित थे। गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण आवश्यक भारत की जनगणना के डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया श्रीमती वृषाली वराडे ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया गया है, जबकि द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत जनगणना की जाएगी। इसमें जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक जानकारियां संकलित की जाएंगी। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर देश एवं राज्यों की विकास योजनाओं और नीतियों का निर्माण किया जाता है। इसलिए जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता एवं शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनगणना के लिए बड़ी संख्या में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति तथा उनका गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण आवश्यक है। निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जाएगी प्रगणकों को प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से जानकारी प्राप्त करनी होगी। इसमें प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म एवं जाति जैसे महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित प्रश्न भी शामिल हैं। उन्होंने जिला जनगणना अधिकारियों से सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने तथा जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी अथवा अफवाह का तत्काल खंडन करने की अपील की। नियमित मॉनिटरिंग सफलता का आधार मुख्य सचिव श्री विकासशील ने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का स्वयं भी अध्ययन करें और अपनी टीम को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपें। स्थानांतरण पर रोक मुख्य सचिव ने जनगणना के दौरान नागरिकों के बीच किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं बनने देने पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को स्पष्ट रूप से बताया जाए कि जनगणना में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन है। इसका किसी प्रकार के प्रमाण पत्र अथवा अन्य शासकीय पात्रता से संबंध नहीं है। उन्होंने जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। विश्वास एवं सहयोग का वातावरण अपर मुख्य सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने कहा कि जनगणना के प्रति नागरिकों में विश्वास एवं सहयोग का वातावरण बनाना जरूरी है। उन्होंने जनगणना की पूरी प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में जानकारी देने का सुझाव दिया। प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे छत्तीसगढ़ के जनगणना निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल ने प्रथम चरण में मकान सूचीकरण के तहत किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए द्वितीय चरण की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके अंतर्गत 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। एक से पांच मार्च 2027 तक पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा। स्व-गणना ऐच्छिक है स्व-गणना के दौरान नागरिकों द्वारा स्वयं जानकारी दर्ज करने पर एक आईडी जनरेट होगी, जिसे प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। स्व-गणना ऐच्छिक है जरूरी नहीं। सभी 33 जिलों में होगी गणना जनगणना के द्वितीय चरण में प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर पालिक निगमों, 19,978 गांवों एवं 195 नगरों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों एवं 472 चार्ज के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। प्रदेश में अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। इनके लिए 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों एवं 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। लगभग छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 की जनसंख्या प्रथम चरण में गठित मकान सूचीकरण ब्लॉकों को द्वितीय चरण में गणना ब्लॉकों में परिवर्तित किया जाएगा। प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 की जनसंख्या शामिल होगी। अधिक जनसंख्या वाले ब्लॉकों को आवश्यकतानुसार उप-गणना ब्लॉकों में विभाजित किया जाएगा। नए बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों तथा आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी गणना में शामिल किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, क्षेत्रों के दोहराव एवं छूट गई बसाहटों का निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने के निर्देश दिए गए हैं। पांच स्तरीय प्रशिक्षण जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स तथा जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। फील्ड ट्रेनर्स के लिए 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। डिजिटल एप एवं पोर्टल से होगी निगरानी जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप विकसित किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी एप के माध्यम से ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता एवं सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। Share This Article Post navigation Kheesora Green Garden : हरियाली से संवर रहा खिसोरा का भविष्य, बंजर भूमि पर विकसित हो रहा हरित उद्यान, 7 एकड़ भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से रोपे गए एक हजार पौधे, 88 प्रतिशत पौधे जीवित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना : छत्तीसगढ़ में 39 लाख महिलाएं को धुएं से मिली आजादी…