Share This Article (लेख- धनंजय राठौर,संयुक्त संचालक, जनसंपर्क) रायपुर, 27 नवम्बर 2027/ ETrendingIndia / लकड़ी, कोयले और कंडों के पारंपरिक चूल्हों के बजाय LPG मिलने से महिलाओं और पूरे परिवार को रसोई धुएं से मुक्त मिलीहै, जिससे विशेषकर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व सांस संबंधी दिक्कतों में सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ में 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन देकर चूल्हे के धुएं से राहत दिलाई गई है। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की लाखों महिलाओं के जीवन में एक ऐतिहासिक बदलाव आया है। वर्षों तक मिट्टी के चूल्हे पर लकड़ी और उपलों के धुएं के बीच खाना पकाने की मजबूरी से जूझ रही महिलाओं को अब स्वच्छ ईंधन मिल रहा है। इन महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी (रसोई गैस) कनेक्शन प्राप्त हुए हैं, जिससे उन्हें न केवल धुएं से मुक्ति मिली है, बल्कि उनके स्वास्थ्य, समय और सम्मान की भी रक्षा हुई है। सामाजिक और स्वास्थ्य क्रांति पारंपरिक चूल्हे से निकलने वाला जहरीला धुआं साइलेंट किलर की तरह था। एक दिन में घंटों चूल्हे के सामने बैठना सैकड़ों सिगरेट पीने के बराबर नुकसानदायक माना जाता है, जिससे श्वसन संबंधी रोग, आंखों में जलन और फेफड़ों की गंभीर बीमारियां होती थीं। उज्ज्वला योजना ने सीधे तौर पर इस समस्या पर प्रहार किया है। समय की बचत और आत्मनिर्भरता पहले ग्रामीण महिलाओं का एक बड़ा हिस्सा जंगल से जलाऊ लकड़ी बीनने, उपले थापने और फिर चूल्हा जलाने में ही बीत जाता था। इस कठिन श्रम के कारण वे न तो अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दे पाती थीं और न ही किसी आर्थिक गतिविधि से जुड़ पाती थीं। गैस कनेक्शन मिलने से खाना बनाना बेहद आसान और तेज हो गया है। इस बचे हुए समय का उपयोग अब महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर रोजगार करने, बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और परिवार की आय बढ़ाने में कर रही हैं। ग्रामीण और वंचित वर्ग की महिलाओं को पहली बार में एलपीजी कनेक्शन, गैस चूल्हा और पहला रिफिल पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किया जाता है। पर्यावरण संरक्षण 39 लाख 73 हजार से अधिक परिवारों के एलपीजी अपनाने से जलाऊ लकड़ी के लिए पेड़ों की कटाई में भारी कमी आई है। यह योजना पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी एक मील का पत्थर साबित हो रही है। बिलासपुर जिले में 2 लाख 94 हजार 134 महिलाओं को योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन देकर चूल्हे के धुएं से राहत दिलाई है। इसी प्रकार जांजगीर-चांपा जिले में 2,74,650, रायगढ जिले में 2,30,101, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 2,27,132, महासमुंद जिले में 1,93,464, कोरबा जिले में 1,55,683, जशपुर जिले में 1,42,185 , बस्तर जिले में 1,33,555, बेमेतरा जिले में 1,33,377, धमतरी जिले में 1,28,643, कवर्धा (कबीरधाम) जिले में 1,20,895, मुंगेली जिले में 1,19,549 महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन दिया गया है। महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा विकासखंड बगीचा निवासी श्रीमती क्रांति यादव ने गैस सिलेंडर प्राप्त कर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि अब उन्हें पारंपरिक चूल्हे के धुएँ से छुटकारा मिलेगा। ग्राम मड़िया निवासी श्रीमती फूलमती नगेसिया ने बताया कि गैस कनेक्शन से अब खाना जल्दी और साफ-सुथरे तरीके से बन सकेगा । महिलाओं के चेहरों पर सुकून और खुशी राजनांदगांव जिले के मेड़ेसरा निवासी श्रीमती राजेश्वरी साहू ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती ईंधन सुलभ हुआ है। रवेली निवासी श्रीमती परमेश्वरी वर्मा ने कहा कि सिलेंडर मिलते ही महिलाओं के चेहरों पर सुकून और खुशी साफ झलक उठी। यह खुशी केवल सुविधा मिलने की नहीं, बल्कि वर्षों से झेली जा रही कठिनाइयों से मुक्ति की थी। कच्चे मकानों में जीवन यापन कर रहीं राजेश्वरी साहू, मीना यादव, परमेश्वरी वर्मा और पावर्ती के लिए यह दिन सपने के साकार होने जैसा रहा। महिलाओं के नाम पर गैस कनेक्शन जारी होने से परिवार में उनकी निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ी है। धुएं से मिली यह आजादी छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास की एक सुनहरी इबारत लिख रही है। Share This Article Post navigation जनगणना-2027 : द्वितीय चरण की तैयारियां तेज…10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना और 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर सर्वेक्षण…प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म एवं जाति जैसे महत्वपूर्ण प्रश्न भी शामिल रायपुर की हवा में प्रदूषण का असर… AQI 164 तक पहुंचा; बच्चों और बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह