CG DA NewsCG DA News
Share This Article

रायपुर, 17 नवंबर 2026। CG DA News : छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग के नए निर्देश के अनुसार IAS, IPS और भारतीय वन सेवा (IFoS) के अधिकारियों को अब 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। पहले यह दर 60 प्रतिशत थी। यानी अधिकारियों के DA में 3 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। नई दर 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएगी।

जुलाई से मिलेगा बढ़े हुए DA का लाभ

सरकार के फैसले के अनुसार अधिकारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ जुलाई 2026 से दिया जाएगा। नवंबर महीने के वेतन में संशोधित दर के आधार पर भुगतान शुरू होगा। इससे अधिकारियों की मासिक सैलरी में भी बढ़ोतरी होगी।

चार महीने का बकाया भी मिलेगा

जुलाई से अक्टूबर 2026 तक की अवधि के लिए महंगाई भत्ते का बकाया भुगतान भी किया जाएगा। अधिकारियों को चार महीने का एरियर नकद राशि के रूप में मिलेगा। संबंधित अधिकारी का एरियर उसी कार्यालय से जारी किया जाएगा, जहां से इस अवधि के दौरान उनका वेतन निकाला गया था।

किस आधार पर तय होगा महंगाई भत्ता?

विभागीय आदेश के अनुसार DA की गणना वेतन मैट्रिक्स के संबंधित लेवल में निर्धारित मूल वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को गणना में शामिल नहीं किया जाएगा।

भुगतान के लिए अलग आदेश की जरूरत नहीं

सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक अधिकारी के लिए अलग-अलग प्राधिकार पत्र जारी नहीं किया जाएगा। मौजूदा वेतन पर्चियों में संशोधन मानकर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पहले से किए गए भुगतान का समायोजन करने के बाद बढ़ी हुई राशि अधिकारियों को दी जाएगी।


Share This Article
Advertisement Carousel