Share This Article

रायपुर, 17 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धान की मिंजाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मिंजाई मशीन की चपेट में आने से एक किसान का दाहिना हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चोट इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों को ऑपरेशन कर उनका पंजा काटकर अलग करना पड़ा। इस घटना के बाद किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, श्याम नगर निवासी किसान नरेश बड़ाई खेत में धान की मिंजाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका दाहिना हाथ मशीन के अंदर चला गया। मशीन में फंसने के कारण हाथ का पंजा करीब 99 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को उपचार के लिए पखांजूर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धमतरी रेफर कर दिया।

धमतरी में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया, लेकिन हाथ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका दाहिना पंजा काटकर अलग करना पड़ा। इस हादसे ने किसान परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

धान खरीदी की तैयारियों और खेती-किसानी के व्यस्त मौसम के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर कृषि कार्यों के दौरान मशीनों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।


Share This Article
Advertisement Carousel