रायपुर, 29 जुलाई। CG Employees Big Update : छत्तीसगढ़ के लाखों शासकीय कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार द्वारा बजट वर्ष 2026-27 में घोषित कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया की अध्यक्षता में कर्मचारी संगठनों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रस्तावित योजना का डिजिटल प्रेजेंटेशन दिया गया और इसके विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि यह योजना पूरी तरह कैशलैस होगी तथा उपचार पर खर्च की कोई अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की जाएगी, जिससे कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
फेडरेशन ने रखे कई अहम सुझाव
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि फेडरेशन ने पहले ही 7 जुलाई 2026 को मुख्य सचिव को पत्र लिखकर योजना लागू करने से पहले कर्मचारी संगठनों से चर्चा की मांग की थी। शासन द्वारा इस पर अमल करते हुए बैठक आयोजित करना सकारात्मक कदम है।
बैठक में फेडरेशन ने सुझाव दिया कि योजना का लाभ केवल कार्यरत कर्मचारियों तक सीमित न रहकर पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को भी दिया जाए। साथ ही अधिक से अधिक सरकारी एवं निजी अस्पतालों को योजना से जोड़ा जाए ताकि कर्मचारियों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल सके।
कई सुझाव पहले ही शामिल
कमल वर्मा ने बताया कि फेडरेशन द्वारा पहले दिए गए कई महत्वपूर्ण सुझावों को शासन ने योजना के प्रारूप में शामिल किया है। संगठन ने उम्मीद जताई कि शेष सुझावों पर भी गंभीरता से विचार कर जल्द ही प्रदेश में व्यापक, पारदर्शी और कर्मचारी हितैषी कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना लागू की जाएगी।
बैठक में चंद्रकांत पांडे, राजेश चटर्जी, पवन शर्मा, राकेश सिंह, कीर्तिवर्धन उपाध्याय, संतोष वर्मा और अनिल पांडेय सहित कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
