CG Paddy Procurement 2026CG Paddy Procurement 2026
Share This Article

रायपुर, 15 नवंबर 2026। CG Paddy Procurement 2026 : छत्तीसगढ़ में आज 15 नवंबर से धान तिहार यानी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। प्रदेशभर के उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही किसान अपनी फसल लेकर पहुंचने लगे हैं। खरीदी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटों से धान की तौल की जा रही है। व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और तिरपाल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। हालांकि, कुछ केंद्रों पर बारदाने की गुणवत्ता और अर्नब तूफान से हुई फसल क्षति को लेकर किसानों की चिंता भी सामने आई है।

पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई धान खरीदी

प्रदेश के विभिन्न जिलों में सुबह सोसायटियों में पूजा-अर्चना के बाद धान खरीदी की शुरुआत की गई। प्रशासन ने इस बार उपार्जन केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था होने का दावा किया है। कई केंद्रों पर सुविधाओं और सही तौल को लेकर किसान संतुष्ट नजर आए। किसानों का कहना है कि इस बार व्यवस्था पहले से बेहतर है और सरकार की ओर से मिलने वाले बोनस से भी वे खुश हैं।

धमतरी में 108 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी

धमतरी जिले में इस बार कुल 108 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। जिले के 1 लाख 31 हजार पंजीकृत किसान इन केंद्रों के माध्यम से अपनी उपज बेचेंगे। हालांकि, जिले के लोहरसिंह सोसायटी में बारदाने की समस्या सामने आई है। किसानों का आरोप है कि उन्हें फटा हुआ बारदाना दिया जा रहा है, जिसके कारण मजबूरी में पैरा डालकर धान भरना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से बेहतर गुणवत्ता वाले नए बारदाने उपलब्ध कराने की मांग की है।

अर्नब तूफान से फसल को नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता

धान खरीदी के उत्साह के बीच अर्नब तूफान से हुई बारिश ने कुछ किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई किसानों की फसल बारिश में भीगने से नुकसान हुआ है। इससे किसानों के सामने आर्थिक चिंता खड़ी हो गई है। इसके बावजूद सरकार के बोनस को लेकर किसानों में खुशी देखने को मिल रही है।

बालोद में 130 केंद्रों पर शुरू हुई खरीदी

बालोद जिले में कुल 161 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 130 केंद्रों पर रविवार से खरीदी शुरू हुई। इन केंद्रों में धान बेचने के लिए 848 किसानों ने टोकन कटवाया है। इन किसानों ने कुल 30 हजार 774 क्विंटल 60 किलोग्राम धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। प्रशासन के मुताबिक, समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

किसानों के लिए पेयजल, छाया और शौचालय की व्यवस्था

बालोद जिले के उपार्जन केंद्रों में पेयजल, छाया, शौचालय, बारदाना और तौल सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। व्यवस्थाओं को लेकर किसान उत्साहित नजर आ रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।


Share This Article
Advertisement Carousel