PM SVANidhi MahotsavPM SVANidhi Mahotsav
Share This Article

रायपुर, 15 नवंबर 2026। PM SVANidhi Mahotsav : राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल कर बड़े आयोजनों के लिए नई मिसाल पेश की।

करीब 2500 लोगों की भागीदारी, दर्जनों फूड स्टॉल और व्यापक सजावट के बावजूद पूरे कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस महोत्सव में पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई।

बांस की प्लेटें और लकड़ी के चम्मच

भोजन परोसने के लिए प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों की जगह बांस से बनी प्लेटें और प्लास्टिक के चम्मचों के स्थान पर लकड़ी के चम्मच इस्तेमाल किए गए। पानी के लिए भी प्लास्टिक की बोतलों और पाउच के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई गई। कागज के गिलासों का उपयोग किया गया।

सजावट में भी पर्यावरण का ध्यान

कार्यक्रम स्थल की सजावट और सूचना पट्टों में पुनः इस्तेमाल की जा सकने वाली सामग्री को प्राथमिकता दी गई। इससे अनावश्यक कचरे को कम करने में मदद मिली।

गीले-सूखे कचरे का अलग संग्रहण

आयोजन स्थल पर गीले, सूखे और अन्य अपशिष्ट को अलग-अलग एकत्र करने तथा उनके उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई।

पथ विक्रेताओं का आर्थिक सशक्तीकरण

नगरीय प्रशासन विभाग और सूडा द्वारा आयोजित महोत्सव में प्रदेश के करीब 2500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक और डिजिटल रूप से सशक्त बनाना था।

महोत्सव ने साबित किया कि बड़े सार्वजनिक आयोजन भी प्लास्टिक मुक्त और जीरो वेस्ट मॉडल पर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकते हैं।


Share This Article
Advertisement Carousel