CG Rain Alert: Rain from the sky and water from the dam—a double alert for Chhattisgarh; 31,000 cusecs of water released into the Hasdeo River.CG Rain Alert
Share This Article

रायपुर, 03 सितंबर। CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बीच अब नदी और बांधों को लेकर भी निगरानी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इसी बीच मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 94.65% पहुंचने के बाद बांध के 5 गेट खोल दिए गए हैं और 31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।

65 KM की रफ्तार से चल सकती है हवा

3 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम के दौरान हवा की रफ्तार करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बलरामपुर, सरगुजा, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद समेत कई इलाकों में इसका असर देखने को मिल सकता है।

बांगो बांध 95 फीसदी के करीब, 5 गेट खुले

लगातार पानी की आवक के कारण मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़कर 358.77 मीटर यानी 94.65 प्रतिशत हो गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए सुबह 5 बजे पांच रेडियल गेट खोले गए।

गेट नंबर 4 को 0.70 मीटर, गेट नंबर 5 को 0.80 मीटर, गेट नंबर 6 को 1 मीटर, गेट नंबर 7 को 0.80 मीटर और गेट नंबर 8 को 0.70 मीटर तक खोला गया है।

51 हजार क्यूसेक पानी की आवक

बांध में पानी की आवक लगातार तेज बनी हुई है। सुबह 51,331 क्यूसेक Inflow दर्ज किया गया। वहीं रेडियल गेट से 22,529 क्यूसेक और पावर प्लांट हाइडल के जरिए 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

इस तरह बांध से कुल 31,529 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर बांध के और गेट खोले जा सकते हैं।

शिवनाथ नदी का भी बढ़ा जलस्तर

दुर्ग में बारिश का असर शिवनाथ नदी पर भी दिखाई दे रहा है। महमरा एनिकट पर करीब डेढ़ फीट पानी बह रहा है। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने 12 गेट खोलकर पानी के बहाव को नियंत्रित किया है।

किसानों के लिए बारिश राहत भी, चुनौती भी

लगातार बारिश धान की फसल के लिए राहत लेकर आई है, लेकिन सब्जी उत्पादकों की चिंता बढ़ गई है। ज्यादा पानी और जलभराव से सब्जियों को नुकसान हो सकता है।

मौसम विभाग के अलर्ट और बांध से पानी छोड़े जाने को देखते हुए नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़, बिजली के खंभों और खुले इलाकों से दूरी बनाए रखना सुरक्षित रहेगा।


Share This Article