Share This Article

रायपुर, 20 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को यात्रा खर्च और उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरणों के लिए तीन लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता मिलेगी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन मंगाए हैं।

योजना में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय और खेल उपकरणों पर होने वाले वास्तविक खर्च अथवा अधिकतम तीन लाख रुपए, दोनों में से जो राशि कम होगी, वह प्रोत्साहन के रूप में दी जाएगी। पात्र खिलाड़ियों से इसके लिए 30 नवम्बर तक आवेदन मंगाए गए हैं।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने योजना में खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय के साथ खेल उपकरणों की जरूरतों को भी शामिल किया है।

इस सहायता का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।

छत्तीसगढ़ का मूल निवासी और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य

योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य है।

एक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक मूल दस्तावेजों के अभाव में आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। अपूर्ण, विलंब से प्राप्त या निर्धारित शर्तों को पूरा नहीं करने वाले आवेदन निरस्त किए जाएंगे। आवेदकों को प्रस्तुत जानकारी की सत्यता संबंधी घोषणा भी करनी होगी। गलत जानकारी पाए जाने पर आवेदन निरस्त किया जा सकेगा और प्राप्त राशि वापस करने का दायित्व खिलाड़ी का होगा।

प्रोत्साहन राशि की स्वीकृति के लिए संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सक्षम प्राधिकारी होंगे।

आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवम्बर

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पात्र खिलाड़ियों से 30 नवम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ संचालक, संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर-492001 को अपना आवेदन भेज सकते हैं।

आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0771-2262177, 0771-2262178 तथा ई-मेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।


Share This Article
Advertisement Carousel