Share This Article रायपुर, 20 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी व्यवस्था में डिजिटल तकनीक का विस्तार किया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में टोकन तुंहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से किसानों को घर बैठे धान विक्रय के लिए आनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस व्यवस्था से किसानों को खरीदी केंद्रों के अनावश्यक चक्कर लगाने और लंबी कतारों में इंतजार करने की परेशानी से राहत मिल रही है। डिजिटल माध्यम से टोकन प्राप्त करने की सुविधा को लेकर जिले के किसानों में उत्साह देखने को मिल रहा है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम चैनपुर निवासी किसान समयलाल ने शासन की आनलाइन टोकन व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे किसानों के लिए बेहद उपयोगी और सुविधाजनक बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा से किसानों के समय और श्रम की बचत होगी तथा अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर तरीके से तैयारी कर सकेंगे। पहले टोकन के लिए लगानी पड़ती थी कतार, अब मोबाइल से मिलेगी सुविधा किसान समय लाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने में किसानों को काफी परेशानी होती थी। इसके लिए खरीदी केंद्रों तक जाना पड़ता था और कई बार लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था। इससे किसानों का समय और श्रम दोनों खर्च होते थे। अब टोकन तुंहर हाथ ऐप के माध्यम से किसान अपने मोबाइल फोन से घर बैठे आनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। समय लाल ने बताया कि वे भी इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाते हुए अपनी धान की उपज बेचने के लिए आनलाइन टोकन प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से किसानों की अनावश्यक भागदौड़ कम होगी और धान बेचने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी। समय की बचत के साथ धान विक्रय की बेहतर तैयारी आनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को धान विक्रय की निर्धारित तिथि की जानकारी पहले से मिल जाती है। इससे किसान अपनी उपज की साफ-सफाई, परिवहन एवं अन्य आवश्यक तैयारियां समय पर कर सकते हैं। खरीदी केंद्रों पर निर्धारित तिथि के अनुसार किसानों की आवक होने से उपार्जन कार्य के सुचारू संचालन में भी सहायता मिलती है। डिजिटल सुविधा से किसानों को खेती-किसानी और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए अधिक समय मिल सकेगा। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए बार-बार खरीदी केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं पडऩे से आने-जाने में होने वाले खर्च में भी बचत होगी। गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं टोकन तुंहर हाथ ऐप किसान आनलाइन टोकन सुविधा का लाभ लेने के लिए अपने एंड्रायड मोबाइल फोन में गूगल प्ले स्टोर से टोकन तुंहर हाथ ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप के माध्यम से किसान धान विक्रय के लिए आनलाइन टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर अपनी उपज लेकर संबंधित धान उपार्जन केंद्र पहुंच सकते हैं। धान खरीदी व्यवस्था में डिजिटल तकनीक का उपयोग किसानों को आधुनिक सुविधाओं से जोडऩे के साथ उपार्जन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने में सहायक है। किसान हितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार ग्राम चैनपुर के किसान समय लाल ने किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आनलाइन टोकन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की इस पहल से किसानों को धान बिक्री के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल रही है। आधुनिक तकनीक का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने की यह व्यवस्था सराहनीय है। जिले में धान खरीदी के लिए डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किसानों के लिए राहत का माध्यम बन रहा है। ग्राम चौनपुर के किसान समय लाल जैसे कृषकों का उत्साह दर्शाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के प्रति किसानों का विश्वास बढ़ रहा है। टोकन तुंहर हाथ ऐप किसानों को समय और श्रम की बचत के साथ सुविधाजनक धान विक्रय का अवसर प्रदान कर रहा है। Share This Article Post navigation बेमेतरा : जिले में पहली बार मार्कफेड के माध्यम से लघु धान्य फसलों की खरीदी…रागी 5205, कुटकी 3350 और कोदो 3200 रुपये का समर्थन मूल्य…पंजीयन अनिवार्य… मृत्यु के बाद भी दुनिया को रोशन करेंगी बिरझा बाई की आंखें, धमतरी जिले में 68वां नेत्रदान संपन्न