Share This Article

 रायपुर, 18 नवम्बर 2026 / ETrendingIndia / नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदर्शित चांपा और रायगढ़ की प्रसिद्ध कोसा सिल्क साडिय़ां, हथकरघा वस्त्र, बेलमेटल की कलाकृतियां, जनजातीय आभूषण और वनोपज से तैयार उत्पादों को देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंच रहे हैं।

पवेलियन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनकरी कला को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। बिलासा हैंडलूम, शिल्प कुंज, शारदा कोसा और नवयुवक बुनकर सहकारी समिति सहित विभिन्न स्टॉलों पर कोसा साडिय़ां, दुपट्टे और आकर्षक डिजाइन वाले हथकरघा वस्त्र उपलब्ध हैं। पारंपरिक बुनाई और आधुनिक डिजाइन का मेल इन उत्पादों को विशेष पहचान दे रहा है।

छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध बेलमेटल शिल्पकला भी आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। धातु से निर्मित हिरण, हाथी, पक्षियों और अन्य पशु-पक्षियों की कलाकृतियों के साथ पारंपरिक सजावटी वस्तुएं और जनजातीय आभूषण प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा माटीकला, खादी और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों के माध्यम से प्रदेश की पारंपरिक शिल्प विरासत को प्रस्तुत किया जा रहा है।

वनोपज उत्पादों के जरिए दिख रही जंगलों की समृद्धि

छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के स्टॉल पर वन संसाधनों से तैयार विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ हर्बल ब्रांड के खाद्य पदार्थ, हर्बल उत्पाद और प्रसंस्कृत सामग्री आगंतुकों का ध्यान आकर्षित कर रही है। वहीं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के स्टॉलों पर स्थानीय कृषि उत्पाद, मिलेट्स और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित की गई है। इनके माध्यम से प्रदेश की वन संपदा, स्थानीय संसाधनों और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को सामने रखा गया है।

VR जोन में चित्रकोट जलप्रपात का 3ष्ठ अनुभव बना खास आकर्षण

छत्तीसगढ़ पवेलियन में आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने के लिए विशेष वर्चुअल रियलिटी (VR) जोन बनाया गया है। यहां आगंतुक प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव ले रहे हैं। वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से जलप्रपात की विशाल जलधारा और आसपास के प्राकृतिक दृश्यों को जीवंत रूप में महसूस करने का अवसर मिल रहा है।

इसके साथ ही पवेलियन में वन एवं इको-टूरिज्म पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, तीरथगढ़ जलप्रपात सहित प्रदेश के प्रमुख प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ में प्रकृति आधारित पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।


Share This Article
Advertisement Carousel