Share This Article रायपुर, 19 नवंबर 2026/ ETrendingIndia / स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने शिक्षा विभाग के संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली. उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता, पाठ्यक्रम की प्रगति, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों तथा विद्यालयों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूर्ण कराना सुनिश्चित करें । सभी संभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए विद्यालयों में नियमित अध्यापन, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने शिक्षकविहीन एवं एकल शिक्षक वाले विद्यालयों तथा दिव्यांग शिक्षकों की पदस्थापना वाले विद्यालयों की आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शिक्षा मंत्री ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिक्षकों के अवकाश पर जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं परीक्षा की तैयारी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तिमाही परीक्षा परिणामों का मूल्यांकन कर कमजोर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने तथा अर्धवार्षिक एवं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कराने के निर्देश दिए। नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां बैठक में विद्यार्थियों के गणितीय ज्ञान और शब्द ज्ञान के स्तर की संभागवार समीक्षा भी की गई। इसके साथ ही जिलों में नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की गई। योग और खेल गतिविधियां के लिए न्यूनतम एक घंटा शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद, योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शनिवार विद्यालयों में कम से कम एक घंटे योग एवं खेल गतिविधियों में बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। स्काउट-गाइड एवं NCC तथा शारीरिक शिक्षा शिक्षा मंत्री ने स्काउट-गाइड एवं एनसीसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (पीटीआई) के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रमुख राष्ट्रीय दिवसों, त्योहारों, उत्सवों एवं वीर शहीदों की जयंती पर सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। Share This Article Post navigation छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल : हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 से 20 जनवरी तक होगी…