Chief Secretary : रिटायरमेंट से पहले कर्मचारियों के प्रकरण निपटाएं…! मुख्य सचिव का बड़ा निर्देश…खाली पदों पर भर्ती के भी आदेश

Chief Secretary: Settle employees' cases before retirement...! Major directive from the Chief Secretary... orders issued to fill vacant posts as well.

Chief Secretary

Share This Article

रायपुर, 11 अगस्त 2026/ Chief Secretary : छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के कामकाज और महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भार साधक सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में विभागीय योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई।

रिटायरमेंट से पहले निपटाएं प्रकरण

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा निवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विभिन्न प्रकरण उनके रिटायरमेंट से पहले ही तैयार कर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विभागवार सेवा निवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की सूची नियत अवधि में तैयार करने को कहा गया। उन्होंने विभागों में रिक्त पदों और बैकलॉग पदों की सूची तैयार कर सेटअप बनाने तथा भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के भी निर्देश दिए।

योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश

मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा। बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन सहित ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में बताया गया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक 728 सेवाएं नोटिफाइड की जा चुकी हैं।

iGOT प्रशिक्षण की भी होगी मॉनिटरिंग

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को iGOT के तहत विभागवार चिन्हित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। अधिकारी-कर्मचारियों को विभाग की आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण दिलाने और इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

इसके अलावा अधिकारियों को अपने-अपने विभाग में रिफॉर्म से संबंधित जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए गए। आगामी दिनों में रिफॉर्म उत्सव अभियान आयोजित किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और राज्य शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।