Share This Article रायपुर, 11 अक्टूबर 2026 / ETrendingIndia / कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहीं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के पांच सांसदों को भी पुलिस वैन में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाए जाने की खबर है। हिरासत में लिए गए सांसदों में डेरेक ओÓब्रायन, डोला सेन, प्रतिमा मंडल, समीरुल इस्लाम और साकेत गोखले शामिल हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में लिए जाने की सूचना है। पुलिस ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन को भी हिरासत में लिया है। वह सीजेपी के प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे। उनके साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कई नेताओं को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है। इनमें पार्टी के महासचिव एमए बेबी, एमवी गोविंदन मास्टर, ए. विजयराघवन, केके शैलजा, सांसद जॉन ब्रिटास, बृंदा करात और पीके श्रीमती शामिल हैं। सांसद जॉन ब्रिटास ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने दिल्ली को पंगु बना दिया है। हालांकि, हिरासत में लिए गए सभी नेताओं के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी की पुष्टि की जानी बाकी है। प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और अखिल भारतीय छात्र संघ की कार्यकर्ता नेहा बोरा को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को चंडीगढ़ में हिरासत में लिया गया। यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिए जाने की सूचना है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं, मुंबई में महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली आ रहे थे। बताया गया है कि उनका विमान दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पुलिसकर्मी विमान के भीतर पहुंचे। दिपके को पहले समझाने की कोशिश की गई और बाद में हिरासत में ले लिया गया। उनके साथ सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरभ दास को भी हिरासत में लिया गया। खबरों के मुताबिक, तीनों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है। इस दौरान हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोडऩे और उस पर चढऩे की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के चोटिल होने की भी खबर है। वहीं, कनॉट प्लेस और रेस कोर्स रोड के आसपास पुलिस पर पथराव किए जाने की सूचना है। कनॉट प्लेस में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। इसके बाद पुलिस ने वहां 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। घायल पुलिसकर्मियों में दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक बजरंग जाधव भी शामिल बताए गए हैं। सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने तथा कुछ स्थानों पर झड़प की खबरों के बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। घटनाक्रम और हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। Share This Article Post navigation भारत साइप्रस ग्रीस रक्षा दौरा: 12 से 15 अक्टूबर तक राजेश कुमार सिंह की आधिकारिक यात्रा जोधपुर में ‘तरंग शक्ति 2026 का भव्य आयोजन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साझा की भारत की रक्षा नीति