Share This Article रायपुर, 24 अगस्त 2026/ CM Sai Drishya Samvad 2026 : तस्वीरें सिर्फ किसी पल को कैमरे में कैद नहीं करतीं, बल्कि कई बार बीते हुए समय को दोबारा सामने ले आती हैं। रायपुर में आयोजित ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। फोटो प्रदर्शनी में अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन से जुड़ी पुरानी तस्वीरें देखकर मुख्यमंत्री ने पुराने दिनों की कई यादें साझा कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। आमतौर पर फोटो पत्रकारों के कैमरे में कैद होने वाले मुख्यमंत्री साय ने स्वयं कैमरा संभाला और एक फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर खींची। पुरानी तस्वीरों में लौटे पुराने दिन रायपुर प्रेस क्लब की ओर से विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ का रविवार को समापन हुआ। मुख्यमंत्री साय समारोह में शामिल हुए और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई पुरानी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई थीं। इन्हें देखकर मुख्यमंत्री ने अपने साथ मौजूद लोगों के साथ कई संस्मरण साझा किए। अपनी पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर देखकर उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने खास तौर पर सफारी सूट सिलवाया था। मुख्यमंत्री के इस संस्मरण से कार्यक्रम में सहज और आत्मीय माहौल बन गया। खेत-खलिहान की तस्वीरों ने दिलाई गांव की याद प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें भी शामिल थीं। हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने अपने खेती के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि गांव, खेत-खलिहान और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें उन्हें अपनी मिट्टी और पुराने दिनों की याद दिलाती हैं। इस दौरान उन्होंने फोटो पत्रकारों के साथ ग्रामीण जीवन से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। जब CM साय ने खुद थामा कैमरा ‘दृश्य संवाद 2026’ का सबसे खास और दिलचस्प क्षण तब आया, जब मुख्यमंत्री साय ने स्वयं कैमरा अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने एक फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर कैमरे में कैद की। आमतौर पर जो फोटो पत्रकार मुख्यमंत्री की तस्वीरें अपने कैमरे में लेते हैं, इस बार उन्हीं में से एक फोटो पत्रकार मुख्यमंत्री के कैमरे के सामने था। यह सहज पल कार्यक्रम के खास आकर्षणों में शामिल रहा। बोले CM- एक तस्वीर बिना शब्दों के कह देती है पूरी कहानी मुख्यमंत्री साय ने फोटो पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना या क्षण को दर्ज करने का माध्यम नहीं हैं। वे समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार एक तस्वीर बिना किसी शब्द के पूरी कहानी कह देती है। फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचकर समाज और इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों को कैमरे में दर्ज करते हैं। मुख्यमंत्री ने फोटो पत्रकारिता को पत्रकारिता का महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पक्ष बताया। प्रकृति, संस्कृति और जनसरोकार की तस्वीरों ने खींचा ध्यान पांच दिवसीय ‘दृश्य संवाद 2026’ में प्रेस फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों को भी प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में, प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा, समाचार, जनसरोकार जैसे विषयों पर तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। इन तस्वीरों में छत्तीसगढ़ के जीवन, समाज, संस्कृति और प्राकृतिक परिवेश के अलग-अलग रंग देखने को मिले। पांच दिनों के दौरान पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी प्रेमियों और आम नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। CM ने आयोजन की सराहना की मुख्यमंत्री साय ने रायपुर प्रेस क्लब के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता की रचनात्मकता को मंच देने के साथ नई पीढ़ी को अनुभवी फोटो पत्रकारों के काम से सीखने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी फोटो पत्रकारों, प्रतिभागियों और रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। Share This Article Post navigation Chhattisgarh Patrakarita Puraskar : छत्तीसगढ़ में पत्रकारों के लिए बड़ा मौका…! ₹50 हजार का पुरस्कार; 8 सितंबर तक करें आवेदन Parking Inspection : रायपुर में कमर्शियल परिसरों की अब औचक जांच…! भवन अनुज्ञा से पार्किंग तक होगी पड़ताल…युक्त ने दिए निर्देश