Commonwealth Kabaddi Championship 2026Commonwealth Kabaddi Championship 2026
Share This Article

अहमदाबाद, 31 अक्टूबर 2026। Commonwealth Kabaddi Championship 2026 : कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 56-27 से हराया। अब खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का सामना 31 अक्टूबर को श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में केन्या को 28-24 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट हासिल किया।

शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले मिनट से ही आक्रामक खेल दिखाया। नवीन कुमार और नीरज नरवाल ने रेडिंग में अंक जुटाए, जबकि दीपक एस और शुभम शिंदे ने डिफेंस में मोर्चा संभाला। बांग्लादेश की ओर से दिपायोन गोल्डर ने शुरुआती अंक हासिल किया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने जल्द ही मैच पर पकड़ बना ली।

शुरुआती पांच मिनट के भीतर भारत ने पहला ऑलआउट कर बांग्लादेश पर दबाव बना दिया। इसके बाद भरत हुड्डा और शिवम पटारे ने रेडिंग में लगातार अंक जुटाकर भारतीय बढ़त को और मजबूत किया।

पहले हाफ में 28-8 की बड़ी बढ़त

भारतीय टीम ने पहले हाफ में पूरी तरह मुकाबले को अपने नियंत्रण में रखा। हाफ टाइम से पहले एक और ऑलआउट करते हुए भारत ने स्कोर 28-8 कर दिया। बांग्लादेश के खिलाड़ी भारतीय डिफेंस को भेदने में संघर्ष करते नजर आए। टीम पहले हाफ में एक भी टैकल प्वाइंट हासिल नहीं कर सकी।

दूसरे हाफ में भी नहीं संभल सकी बांग्लादेश की टीम

दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी आक्रामकता बरकरार रखी। शानदार रेडिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर मैच खत्म होने से 10 मिनट पहले भारत 38-16 से आगे था। मुकाबले में चार मिनट शेष रहते भारतीय टीम ने एक और ऑलआउट किया और स्कोर 49-20 पहुंचा दिया। अंततः भारत ने 56-27 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भरत हुड्डा ने बनाए सबसे ज्यादा 13 अंक

भारत की जीत में भरत हुड्डा सबसे बड़े स्कोरर रहे। उन्होंने 13 अंक हासिल किए। शिवम पटारे ने 11 और नीरज नरवाल ने 9 अंक जोड़े। वहीं, डिफेंस में अजीत पवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ टैकल में पांच टैकल प्वाइंट हासिल किए।

भारत ने पूरे मुकाबले में 37 रेड प्वाइंट, 12 टैकल प्वाइंट और छह ऑलआउट प्वाइंट हासिल किए। भारतीय खिलाड़ियों के सामूहिक प्रदर्शन के सामने बांग्लादेश की टीम टिक नहीं सकी।

श्रीलंका को हराकर फाइनल में पहुंची महिला टीम भी

पुरुष वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने केन्या को 28-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। श्रीलंका के मिलिंद चतुरंगा और सबिहान ने छह-छह अंक हासिल किए, जबकि विदुरंगा ने चार अंक जोड़े। डिफेंस में माडे ड्विकी संजया ने पांच टैकल प्वाइंट हासिल किए। केन्या की ओर से हेलविक वांजाला ने नौ और सैमुअल वाफुला ने छह अंक बनाए।

वहीं, महिला वर्ग में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 39-14 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब खिताबी मुकाबले में भारतीय महिला टीम का सामना युगांडा से होगा। युगांडा ने दूसरे सेमीफाइनल में केन्या को 23-21 से हराया।

इस तरह कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने फाइनल में जगह बनाकर खिताब की उम्मीदें कायम रखी हैं।


Share This Article