Data AnnotationData Annotation
Share This Article

रायपुर, 30 सितंबर 2026।Data Annotation : छत्तीसगढ़ का बलरामपुर-रामानुजगंज जिला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा लेबलिंग के क्षेत्र में नई पहल की ओर बढ़ रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार यहां प्रदेश का पहला कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिक्षित ग्रामीण युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को एआई आधारित रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रिज्मा एआई के साथ हुआ एमओयू

कलेक्ट्रेट में जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज और प्रिज्मा एआई के बीच सेंटर की स्थापना के लिए गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, प्रिज्मा एआई के सीईओ डॉ. श्रीराम अय्यर, सीओओ अमिताभ राय चौधरी, सीटीओ विनीत कुमार झा और स्व-सहायता समूह की सदस्य सपना एवं अनुजा उपस्थित रहीं।

पायलट चरण में 10 सीटों से होगी शुरुआत

पायलट चरण में बलरामपुर में 10 सीटों का सेंटर शुरू किया जाएगा। यहां एक प्रशिक्षक और गुणवत्ता पर्यवेक्षक की व्यवस्था रहेगी। चयनित प्रतिभागियों को एआई साक्षरता, डिजिटल कौशल, डेटा लेबलिंग, इमेज एवं ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, सत्यापन और गुणवत्ता समीक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों की पहचान, छंटनी और चयन के लिए एक संरचित प्रणाली अपनाई जाएगी।

लखपति दीदियों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने की तैयारी

कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के अनुसार जिले में 12वीं और स्नातक स्तर तक शिक्षित स्व-सहायता समूह की बड़ी संख्या में सदस्य हैं, जिनमें कई स्मार्टफोन और कंप्यूटर चलाने में दक्ष हैं। प्रस्तावित सेंटर के माध्यम से पारंपरिक आजीविका से जुड़ी महिलाओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इससे लखपति दीदी के लक्ष्य को भी गति मिलने की उम्मीद है।

प्रिज्मा एआई उठाएगी संचालन और प्रशिक्षण का खर्च

समझौते के अनुसार सेंटर की तकनीक, संचालन, प्रशिक्षण, गुणवत्ता पर्यवेक्षण, प्रतिभागियों के पारिश्रमिक, प्रोत्साहन राशि और इंटरनेट कनेक्टिविटी से जुड़ा खर्च प्रिज्मा एआई द्वारा वहन किया जाएगा।

वहीं जिला प्रशासन परिसर और बुनियादी ढांचे की पहचान, हितग्राहियों के चयन, एनआरएलएम एवं कौशल विकास विभागों के साथ समन्वय तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेगा।


Share This Article