Share This Article

रायपुर, 18 नवंबर 2026। Developed India 2047 : छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है और उनकी शिक्षा, कौशल, मेहनत तथा नवाचार भारत के भविष्य की दिशा तय करेंगे। उन्होंने युवाओं से अपने प्रत्येक कार्य को पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।

राज्यपाल बुधवार को रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों से संवाद कर रहे थे। 17 से 23 नवंबर तक आयोजित इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा हिस्सा ले रहे हैं।

युवा शिविर से मजबूत होगी राष्ट्रीय एकता

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि ऐसे आयोजनों से अलग-अलग राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को समझने का अवसर मिलता है। इससे आपसी सद्भाव बढ़ता है और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है। साथ ही युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी ऐसे शिविर उपयोगी साबित होते हैं।

उन्होंने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।

अनुशासन और समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी

युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए राज्यपाल ने धैर्य, दृढ़ इच्छाशक्ति और स्पष्ट लक्ष्य को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित करने के साथ उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत और अनुशासन बनाए रखना भी आवश्यक है। युवाओं को टालमटोल की आदत छोड़कर समय का सही उपयोग करना चाहिए, क्योंकि समय की पाबंदी सफलता की मजबूत नींव है।

गांवों में रोजगार और कृषि उद्यमिता की अपार संभावनाएं

राज्यपाल ने युवाओं से गांवों की ओर रुख करने और वहां मौजूद विकास की संभावनाओं को पहचानने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को समझकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

कृषि को केवल पारंपरिक व्यवसाय तक सीमित न रखते हुए उसे उद्यमिता और स्टार्टअप से जोड़ने पर भी उन्होंने जोर दिया। युवाओं को जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

बस्तर में बदल रही विकास की तस्वीर

बस्तर का उदाहरण देते हुए राज्यपाल ने कहा कि सुरक्षा की बेहतर स्थिति से ही शांति और विकास का वातावरण तैयार होता है। नक्सलवाद का प्रभाव घटने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ बस्तर में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में पहले संचार सुविधाओं की कमी थी, वहां अब मोबाइल टावर, रेडियो और टेलीविजन की पहुंच बढ़ रही है। बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी क्षेत्र में हो रहे बदलावों का संकेत है।

प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन दिया।

इससे पहले ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, लोक भवन के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए अधिकारी और युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।


Share This Article
Advertisement Carousel