Share This Article

रायपुर 16 दिसंबर 2025 / ETrendingIndia / State level disabled youth-girl introduction conference in Raipur on 21st December / दिव्यांग परिचय सम्मेलन रायपुर , अखिल भारतीय विकलांग चेतना परिषद छत्तीसगढ़, मारवाड़ी युवा मंच रायपुर सेंट्रल, कान्यकुब्ज सभा व शिक्षा मंडल तथा सीनियर सिटीजन वेलफेयर फोरम के संयुक्त सहयोग से 16वां राज्य स्तरीय दिव्यांग युवक-युवती परिचय सम्मेलन 21 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम बैरन बाजार स्थित आशीर्वाद भवन में होगा।

आयोजन समिति के संयोजक वीरेंद्र पांडे ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य दिव्यांग युवक-युवतियों को एक-दूसरे से परिचित होने का अवसर प्रदान करना है, ताकि वे अपने जीवनसाथी का चयन कर सकें। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पहले आयोजित पंचम सामूहिक विवाह समारोह में 92 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ था, जिसे लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल किया गया है।

इस परिचय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

आयोजकों ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नवविवाहित दिव्यांग जोड़ों को विवाह प्रोत्साहन के रूप में 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की सहायता राशि देने का प्रावधान है। आयोजकों ने अधिक से अधिक दिव्यांग युवक-युवतियों और उनके परिजनों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है।