Share This Article दुर्ग, 22 सितंबर 2026। Durg District Court : न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुलभ और डिजिटल बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण पहल की गई है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर जिला न्यायपालिका के लिए तीन प्रमुख ई-सेवाएं शुरू की गई हैं। उच्च न्यायालय के कंप्यूटर सेल/सीपीसी के दिशा-निर्देशों के तहत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, दुर्ग ने इन सेवाओं को तत्काल प्रभाव से लागू करने की विस्तृत योजना तैयार की है। इसका लाभ दुर्ग के साथ पाटन, भिलाई-3 और धमधा तालुका न्यायालयों में आने वाले पक्षकारों और अधिवक्ताओं को भी मिलेगा। अब अदालत का जुर्माना होगा पूरी तरह कैशलेस नई व्यवस्था के तहत जिला न्यायालयों में अदालती जुर्माने का भुगतान डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा। इससे न्यायालय परिसर में नकदी के लेन-देन को कम करने के साथ कागजी प्रक्रिया में भी कमी आएगी। डिजिटल भुगतान के साथ रिकॉर्ड उपलब्ध रहने से भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। AFR मोबाइल ऐप से फैसलों तक आसान पहुंच अधिवक्ताओं और पक्षकारों की सुविधा के लिए AFR मोबाइल एप्लीकेशन भी शुरू की गई है। इसके माध्यम से उच्च न्यायालय के AFR यानी महत्वपूर्ण एवं लैंडमार्क फैसलों, केस साइटेशन और कानूनी व्याख्याओं तक त्वरित और पेपरलेस पहुंच मिल सकेगी। इससे अधिवक्ताओं को मामलों की तैयारी के दौरान जरूरी न्यायिक फैसले और कानूनी संदर्भ आसानी से उपलब्ध होंगे। डिजिटल कोर्ट फीस से टिकट जनरेशन भी ऑनलाइन नई कोर्ट फीस टिकट जनरेशन प्रणाली के माध्यम से अधिवक्ता और पक्षकार पोर्टल एवं संबंधित प्रणाली का उपयोग कर डिजिटल तरीके से कोर्ट फीस जमा कर सकेंगे। भुगतान के लिए यूपीआई और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सुविधाओं का उपयोग किया जा सकेगा। सफल भुगतान के बाद सिस्टम द्वारा कोर्ट फीस से संबंधित डिजिटल दस्तावेज और टिकट स्वतः जनरेट किए जाएंगे, जिनका सत्यापन कोर्ट रजिस्ट्री द्वारा किया जा सकेगा। दुर्ग कोर्ट में प्रिंटर और डिजिटल सुविधा की तैयारी ई-कोर्ट फीस टिकट को तत्काल प्रिंट करने के लिए दुर्ग जिला न्यायालय परिसर में स्थापित मशीन के साथ विशेष प्रिंटर की व्यवस्था की जा रही है। इससे पक्षकारों और अधिवक्ताओं को डिजिटल भुगतान के बाद जरूरी दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा होगी। यह व्यवस्था दुर्ग के साथ पाटन, भिलाई-3 और धमधा तालुका न्यायालयों की न्यायिक प्रक्रिया को भी डिजिटल रूप से मजबूत करने की दिशा में कदम है। बार एसोसिएशन से लेकर वेबसाइट तक जागरूकता अभियान AFR मोबाइल ऐप के व्यापक उपयोग के लिए इसका डाउनलोड लिंक जिला अधिवक्ता संघ, दुर्ग और सभी अधीनस्थ न्यायालयों को ईमेल तथा व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किया गया है। इसके अलावा ई-सेवाओं की जानकारी जिला न्यायालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जा रही है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय दुर्ग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी इन डिजिटल सुविधाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि आम जनता, पक्षकारों और अधिवक्ताओं को नई सेवाओं की जानकारी मिल सके और वे सीधे इनका लाभ उठा सकें। Share This Article Post navigation Bhoramdev Corridor के धीमे काम पर मंत्रियों की सख्ती, ठेकेदारों को 15 दिन की डेडलाइन, लापरवाही पर होगी कार्रवाई छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के बड़े फैसले : EV चार्जिंग से फायर सेफ्टी तक, 55 करोड़ के विकास कार्य मंजूर…