Electric Locomotive MaintenanceElectric Locomotive Maintenance
Share This Article

रायपुर, 21 नवंबर 2026। Electric Locomotive Maintenance : छत्तीसगढ़ का रायपुर डीजल लोको शेड अब इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव का बड़ा केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मई 1995 में महज 10 इंजनों से शुरू हुआ यह शेड आज 284 से अधिक इंजनों का रखरखाव कर रहा है।

रेल मंत्रालय ने जुलाई 2026 में यहां 250 अतिरिक्त थ्री-फेज इलेक्ट्रिक इंजनों की होमिंग सुविधा विकसित करने के लिए ₹175 करोड़ की परियोजना मंजूर की है।

1896 से शुरू हुई रेल विरासत

रायपुर में रेल इंजनों के रखरखाव का इतिहास एक सदी से भी पुराना है। वर्ष 1900 में रायपुर-कुरूद-धमतरी छोटी रेल लाइन पर भाप इंजनों से ट्रेनें चलनी शुरू हुई थीं।

उस समय नैरो गेज स्टीम लोको शेड में इंजनों का रखरखाव होता था। वर्ष 1987 में इस सेक्शन पर डीजल इंजनों से परिचालन शुरू हुआ।

10 से 284 इंजनों तक का सफर

फरवरी 1993 में रायपुर डीजल शेड की नींव रखी गई और मई 1995 में 10 इंजनों के साथ काम शुरू हुआ।

वर्ष 2008 में इसकी क्षमता 100 इंजन हुई। 2018 में 200 और 2021 तक 240 से अधिक इंजनों का रखरखाव होने लगा। अक्टूबर 2020 में यहां पहली बार इलेक्ट्रिक इंजन का निर्धारित रखरखाव किया गया।

इलेक्ट्रिक इंजनों के लिए दो बड़ी परियोजनाएं

जुलाई 2026 में स्वीकृत ₹175 करोड़ की परियोजना से 250 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक इंजनों की होमिंग सुविधा विकसित होगी।

वहीं, 20 अक्टूबर 2026 को ₹133 करोड़ की एक अन्य इलेक्ट्रिक लोको मेंटेनेंस सुविधा का शिलान्यास हुआ, जिसकी क्षमता 300 हाई हॉर्सपावर इंजनों के रखरखाव की होगी।

माल ढुलाई को मिलेगी मजबूती

वर्ष 2025-26 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 261 मिलियन टन माल लदान कर ₹30,410 करोड़ का राजस्व अर्जित किया। रायपुर लोको शेड की बढ़ती क्षमता से कोयला, इस्पात और सीमेंट की ढुलाई के लिए इंजनों की उपलब्धता और परिचालन दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी। भाप से डीजल और अब इलेक्ट्रिक इंजनों तक का यह सफर रायपुर की रेल विरासत में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।


Share This Article
Advertisement Carousel