Flight Diverted: Suspicious drones spotted near airport; 7 flights diverted; security agencies on high alert.Flight Diverted
Share This Article

अमृतसर,  07 सितम्बर। Flight Diverted : अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संदिग्ध ड्रोन गतिविधि सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया और रनवे के आसपास ड्रोन जैसी वस्तुएं दिखाई देने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। एहतियात के तौर पर अमृतसर आने वाली 7 उड़ानों को डायवर्ट किया गया। कुछ उड़ानों को वापस दिल्ली भेजा गया, जबकि कुछ को दिल्ली और चंडीगढ़ की ओर मोड़ा गया।

एयरपोर्ट के पास ड्रोन दिखने से मचा हड़कंप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया के आसपास दो से चार संदिग्ध ड्रोन या उड़ती हुई वस्तुएं दिखाई देने की बात सामने आई है। शुरुआत में इसे सामान्य गतिविधि माना गया, लेकिन जब ये वस्तुएं लगातार नजर आती रहीं तो सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। रनवे के आसपास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC ने भी अलर्ट जारी किया।

रजाला गांव की तरफ से आती दिखीं संदिग्ध वस्तुएं

रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तुएं रजाला गांव की दिशा से एयरपोर्ट की ओर आती हुई दिखाई दीं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने एयरपोर्ट से सटे इलाकों और रजाला गांव के आसपास सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अमृतसर एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब स्थित है, इसलिए ड्रोन गतिविधि को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

इन 7 उड़ानों को किया गया डायवर्ट

ड्रोन गतिविधि के बाद अमृतसर पहुंचने वाली सात उड़ानों के रूट में बदलाव किया गया। एअर इंडिया की AI-479 और AI-855 को दिल्ली वापस भेजा गया। इंडिगो की 6E-1428 और एअर इंडिया एक्सप्रेस की IX-138, जो शारजाह से अमृतसर आ रही थीं, उन्हें दिल्ली डायवर्ट किया गया। वहीं मलेशिया एयरलाइंस की MH-118 को भी कुआलालंपुर से अमृतसर पहुंचने के बजाय दिल्ली भेजा गया। इसके अलावा इंडिगो की 6E-5028 को मुंबई से अमृतसर की जगह चंडीगढ़ और इंडिगो की 6E-2045 को दिल्ली से अमृतसर के बजाय चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि एयरपोर्ट के आसपास दिखाई देने वाली संदिग्ध वस्तुएं वास्तव में ड्रोन थीं या कुछ और। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ये कहां से संचालित हो रहे थे और इनके पीछे किसकी भूमिका थी। फिलहाल एयरपोर्ट और आसपास के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। ड्रोन गतिविधि की पुष्टि और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


Share This Article