रायपुर, 04 अगस्त 2026/ IGKV Admission 2026 : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 5 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 18 अगस्त 2026 को पीएटी (PAT) परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय का ऑनलाइन आबंटन किया जाएगा।
20 से 22 अगस्त तक होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
प्रोविजनल सीट मिलने के बाद अभ्यर्थियों को 20 से 22 अगस्त के बीच कृषि महाविद्यालय रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। वहीं 20 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन फीस जमा कर सीट को सुरक्षित करना अनिवार्य होगा।
स्पॉट और कन्वर्शन काउंसलिंग का भी शेड्यूल जारी
यदि कोई अभ्यर्थी सीट सुरक्षित नहीं कर पाता है या अगले चरण में भाग लेना चाहता है, तो उसे 20 से 24 अगस्त (रात्रि 11:30 बजे तक) ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसी अवधि में जिन अभ्यर्थियों को पहली काउंसलिंग में सीट नहीं मिलेगी, वे भी स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय 25 अगस्त को आबंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी और स्पॉट काउंसलिंग के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी करेगा।
स्पॉट काउंसलिंग की महत्वपूर्ण तिथियां
- 31 अगस्त से 1 सितम्बर: स्पॉट काउंसलिंग के तहत सीट एवं कॉलेज आबंटन
- 31 अगस्त-1 सितम्बर: दस्तावेज सत्यापन एवं फीस जमा
- 2 सितम्बर: कन्वर्शन काउंसलिंग, सीट आबंटन और प्रवेश प्रक्रिया
विश्वविद्यालय ने बताया कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी विस्तृत दिशा-निर्देश और अपडेट विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igkv.ac.in पर देख सकते हैं।
