Share This Article

रायपुर, 30 जुलाई 2026 / ETrendingIndia / इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक संघ का लंबित पेंशन प्रकरणों, महंगाई राहत एवं अन्य वैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक धरना एवं सत्याग्रह गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा।

विश्वविद्यालय प्रशासन की पहल पर आज संघ के अध्यक्ष डॉ. एन. के. चौबे के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल की विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक तथा संचालक अनुसंधान डॉ. विवेक त्रिपाठी उपस्थित रहे।

चर्चा के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि सभी लंबित पेंशन प्रकरणों को आज या कल तक तक ऑडिट हेतु भेजा जाएगा तथा 58 प्रतिशत महंगाई राहत (Dearness Relief) के आदेश जारी किए जाएंगे।

इसके पश्चात कुलसचिव, उपलेखानियंत्रक एवं संचालक अनुसंधान स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और प्रशासन की ओर से हुई चर्चा एवं प्रस्ताव से धरनारत सदस्यों को अवगत कराया।

अधिकांश सदस्यों ने सकारात्मक रुख व्यक्त किया, किन्तु उन्होंने यह कहा कि पूर्व में भी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कई बार ऐसे आश्वासन दिए गए, जिन्हें कभी क्रियान्वित व् पूरा नहीं किया गया।

संघ के सदस्यों ने प्रशासन से कहा कि पहले सहमति के अनुसार सभी कार्यों को पूर्ण कर इसकी औपचारिक सूचना दी जाए, उसके बाद ही धरना समाप्त करने पर निर्णय लिया जाएगा। जब तक आदेशों का वास्तविक क्रियान्वयन नहीं हो जाता, तब तक क्रमिक धरना एवं सत्याग्रह पूर्ववत जारी रहेगा।

वार्ता के अंत में किसी ठोस निर्णय पर सहमति नहीं बन सकी। फलस्वरूप बातचीत बेनतीजा रही तथा सेवानिवृत्त शिक्षक संघ ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण, 58 प्रतिशत महंगाई राहत के आदेश तथा अन्य वैधानिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन तक आंदोलन जारी रहेगा।