Share This Article रायपुर, 28 सितंबर 2026 / ETrendingIndia / राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं से अपने विचारों और नवाचार को उद्यम में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक अच्छा विचार, सही मार्गदर्शन और उपयुक्त तकनीक के साथ सफल स्टार्टअप का रूप ले सकता है और आगे चलकर कई लोगों के लिए रोजगार का माध्यम बन सकता है। राज्यपाल इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण भी किया। कृषि और जैव-प्रौद्योगिकी में अपार संभावनाएं राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि, वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण, मिलेट, जैविक खेती, पशुपालन और जनजातीय उत्पादों के क्षेत्र में युवाओं के लिए व्यापक अवसर हैं। कृषि और जैव-प्रौद्योगिकी राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारों को बढ़ावा देने की जरूरत है, जो किसानों की लागत कम करें, उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ाएं, फसल नुकसान घटाएं और किसानों को बेहतर बाजार एवं मूल्य उपलब्ध कराने में मदद करें। स्टार्टअप से पहले बाजार को समझें राज्यपाल ने युवाओं को सलाह दी कि स्टार्टअप शुरू करने से पहले बाजार का सर्वेक्षण कर उत्पाद या सेवा की मांग और संभावनाओं को समझना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट योजना और रोडमैप के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप के लिए परिश्रम और प्रशिक्षण के साथ प्रबंधन क्षमता, वित्तीय समझ और बाजार की जानकारी भी जरूरी है। युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल हासिल करना चाहिए, ताकि वे अपनी आय बढ़ाने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें। राज्यपाल ने किचन गार्डन और बाड़ी की अवधारणा को भी बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक हो सकती है। इस अवसर पर राज्यपाल ने युवा नवाचारी उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरिश चंदेल, आईआईटी भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश, एनआईटी के निदेशक डॉ. समीर बाजपेई सहित कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्यमी, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। Share This Article Post navigation विश्व पर्यटन दिवस : GPM को ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’… पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान से बदली पशुपालक नीलाम्बर की किस्मत… दूध उत्पादन 10 से बढ़कर 65 लीटर प्रतिदिन