Share This Article

​रायपुर,09 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “IIT Bhilai: Developed a rust and fire protection… smart coating” भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई के वैज्ञानिकों ने आईआईटी पटना के सहयोग से ऐसी स्मार्ट पॉलिमर कोटिंग विकसित की है, जो धातु की सतह को जंग लगने से बचाने के साथ-साथ आग से भी सुरक्षा देती है।

यह शोध अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित जर्नल Advanced Functional Materials में प्रकाशित हुआ है।

आईआईटी भिलाई के रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. संजीब बनर्जी के नेतृत्व में तैयार इस नई कोटिंग में फॉस्फोरस और फ्लोरीन आधारित विशेष पॉलिमर का उपयोग किया गया है। यह कोटिंग धातु पर मजबूती से चिपकी रहती है, जंग नहीं लगने देती और आग लगने की स्थिति में लपटों के फैलाव को धीमा करती है।

प्रयोगशाला परीक्षणों में यह कोटिंग खारे पानी, खराब मौसम और अन्य कठिन परिस्थितियों में भी प्रभावी साबित हुई। इससे उद्योगों को अलग-अलग सुरक्षा परतों की जरूरत कम होगी और रखरखाव की लागत भी घटेगी।

यह तकनीक पुलों, परिवहन, समुद्री ढांचों, औद्योगिक उपकरणों और ऊर्जा क्षेत्र की संरचनाओं की उम्र बढ़ाने में मददगार होगी। साथ ही यह आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के लक्ष्य को भी मजबूती देगी।