खेल रिपोर्टर, 03 मई 2026/ Indian Cricket: 776 Runs… 237 Strike Rate…! Sachin’s Big Statement Regarding Vaibhav…the Superstar of IPL 2026…! Even Agarkar Was Left Spellbound.
Indian Cricket : आईपीएल 2026 के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और बेखौफ अंदाज से क्रिकेट जगत में सनसनी मचाने वाले वैभव की तारीफ अब खुद क्रिकेट के भगवान सचिन तेंडुलकर ने भी की है।
मुंबई में आयोजित क्रिकइन्फ़ो सम्मान कार्यक्रम में सचिन तेंदुलकर ने वैभव सूर्यवंशी को “यूनिक और बेहद खास टैलेंट” बताया। खास बात यह रही कि इस दौरान बीसीसीआई के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर भी मंच पर मौजूद थे और सचिन ने उनके सामने ही वैभव को टीम इंडिया में मौका देने की वकालत कर दी।
सचिन ने कहा कि शुरुआत में उन्होंने वैभव की बल्लेबाजी नहीं देखी थी, लेकिन जब हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी तो उन्होंने वीडियो देखकर खुद को रोक नहीं पाया। सचिन ने कहा, “सिर्फ बड़े शॉट मारना ही खास बात नहीं है, बल्कि उनका रिस्ट वर्क कमाल का है। वह गेंद की लाइन और लेंथ को बाकी खिलाड़ियों से पहले पढ़ लेते हैं और आसानी से बाउंड्री के पार पहुंचा देते हैं।”
टेस्ट क्रिकेट में देखना चाहते हैं सचिन
जब सचिन से पूछा गया कि क्या वह वैभव को भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलते देखना चाहते हैं, तो उन्होंने तुरंत हामी भरी। हालांकि उन्होंने एक अहम शर्त भी रखी। सचिन बोले, “ऐसे टैलेंट को जल्दबाजी में प्रमोट नहीं करना चाहिए। उस पर लगातार दबाव बनाना सही नहीं होगा। उसे समय और सही माहौल मिलना चाहिए।”
सचिन ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘अजीत अगरकर यहां बैठे हैं इसलिए मुझे संभलकर बोलना होगा, लेकिन हर कोई वैभव को एक दिन टेस्ट क्रिकेट खेलते देखना चाहेगा।’
वैभव को सचिन की खास सलाह
सचिन तेंदुलकर ने युवा बल्लेबाज को सलाह देते हुए कहा कि वह अपनी स्वाभाविक बल्लेबाजी से छेड़छाड़ न करें। उन्होंने कहा, ‘हर गेंद एक सवाल है और बल्लेबाज को उसका जवाब ढूंढना होता है। वैभव आत्मविश्वास से भरा खिलाड़ी लगता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।’
इंडिया-A और एशियन गेम्स में मिल सकता है मौका
आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.31 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को अगले महीने श्रीलंका में होने वाली इंडिया-A ट्राई सीरीज के लिए चुना गया है। इसके अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम की संभावित सूची में भी उनका नाम शामिल बताया जा रहा है।
अगर वैभव एशियन गेम्स में डेब्यू करते हैं तो वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन सकते हैं।
