रायपुर, 14 जुलाई 2026/ Indian Railways: New rule for booking unreserved tickets via mobile…! ID mandatory from July 15.
Indian Railways : यदि आप मोबाइल से रेलवे का जनरल टिकट बुक करते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। भारतीय रेलवे ने 15 जुलाई से ‘रेलवन (RailOne) ऐप के जरिए जनरल टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र की जानकारी देना अनिवार्य कर दिया है। इसका उद्देश्य टिकटों की कालाबाजारी रोकना और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना है।
किन यात्रियों पर लागू होगा नियम
यह नियम केवल उन यात्रियों पर लागू होगा जो रेलवन ऐप से ऑनलाइन जनरल टिकट बुक करेंगे। स्टेशन के टिकट काउंटर से नकद भुगतान कर खरीदे गए जनरल टिकट पर पहले की तरह कोई पहचान पत्र देना आवश्यक नहीं होगा।
यात्रा के दौरान मूल पहचान पत्र साथ रखें
ऑनलाइन टिकट बुक करते समय जिस पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड आदि) की जानकारी दी जाएगी, यात्रा के दौरान उसी का मूल (ओरिजिनल) दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होगा।
स्क्रीनशॉट और व्हाट्सएप टिकट मान्य नहीं
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अब टिकट का स्क्रीनशॉट या व्हाट्सएप पर भेजी गई फोटो मान्य नहीं होगी। टिकट उसी मोबाइल में रेलवन ऐप पर दिखाना होगा, जिससे बुकिंग की गई है। जांच के समय ऐसा न करने पर यात्री को बिना टिकट मानकर जुर्माना लगाया जा सकता है।
टिकट बुक करने का तरीका
यात्री सबसे पहले रेलवन ऐप डाउनलोड कर मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें। इसके बाद लॉगिन कर यात्रा का विवरण भरें, पहचान पत्र की जानकारी दर्ज करें और भुगतान कर टिकट बुक करें।
