रायपुर, 19 जुलाई 2026/ Indian Railways: First direct express train between Ramnagar and Dehradun launched…! Major boost for rail connectivity in Uttarakhand… New rail service begins.
Indian Railways : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कुमाऊं और गढ़वाल की यात्रा होगी आसान और तेज
यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन है, जिससे उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में ऑनलाइन शामिल हुए।
सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन रामनगर से सुबह रवाना होकर दोपहर तक देहरादून पहुंचेगी तथा वापसी में दोपहर बाद देहरादून से चलकर रात में रामनगर पहुंचेगी।
रास्ते में काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा। ट्रेन में एसी, स्लीपर, चेयर कार, सेकंड सिटिंग और जनरल कोच उपलब्ध होंगे।
यात्रियों और पर्यटन को लाभ
नई रेल सेवा से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
छात्र, किसान, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग एक ही दिन में अपने काम निपटाकर लौट सकेंगे। साथ ही जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, गिरिजा देवी मंदिर और चारधाम यात्रा के लिए भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा, जिससे पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा मिलेगा।
ऋषिकेश स्टेशन फीडर स्टेशन के रूप में विकसित
रेल मंत्री ने बताया कि ऋषिकेश स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि हरिद्वार पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके। राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है और यह उत्तराखंड के सामाजिक, आर्थिक तथा पर्यटन विकास की नई आधारशिला बनेगी।
उन्होंने बताया कि राज्य में रेलवे के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट मिला है और 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम जारी है।

