IsraelIsrael
Share This Article

रायपुर, 25 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / इजरायल ने सोमवार को आधिकारिक घोषणा की है कि गाजा की तरफ से आने वाली किसी भी पतंग या गुब्बारे को हथियारों से लैस ड्रोन की तरह माना जाएगा और उसे नष्ट कर दिया जाएगा, चाहे उसमें विस्फोटक लगा हो या नहीं। इजरायली रक्षा मंत्रालय ने हमास को इन पतंगों को रोकने के लिए बुधवार तक का समय दिया है, जिसके बाद गाजा पर भीषण और बलपूर्वक हवाई हमले शुरू करने की धमकी दी गई है।


इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने सेना को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे गाजा से नेगेव क्षेत्र की बस्तियों की तरफ उड़कर आने वाली पतंगों और गुब्बारों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाएं।


बता दें, अतीत में गाजा ने इजरायली खेतों में आग लगाने के लिए गुब्बारों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, हाल ही गाजा से आई पतंगों में कोई विस्फोटक नहीं पाया गया है। इसके बावजूद इजरायल इसे सुरक्षा खतरे की तरह देख रहा है। हमास के वरिष्ठ अधिकारी बासेम नईम ने कहा कि इजरायल मलबे के बीच अपने मासूम बचपन की तलाश कर रहे बच्चों द्वारा उड़ाई जा रही कागज की पतंगों और हवाई जहाजों को गाजा पर बमबारी करने का बहाना बना रहा है। फिलिस्तीनी विश्लेषक हुसाम शाहीन ने कहा, गाजा पट्टी का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा इजरायली सेना के कब्जे में है। बच्चे की कागज की पतंग को सुरक्षा खतरा मानना बेहद हास्यपद है।


इजरायल ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस कूटनीतिक प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिसमें हमास के विसैन्यीकरण के बदले इजरायल को चरणबद्ध तरीके से गाजा से बाहर निकलने की बात कही गई थी। राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से गाजा पर बमबारी कम करने की सीधी अपील के बावजूद इजरायली हमले रुके नहीं हैं। रविवार को भी मध्य गाजा में हुए एक हमले में 3 लोगों की मौत हो गई थी।


Share This Article