रायपुर, 23 जुलाई 2026 / ETrendingIndia / Kharsia-Parmalkasa New Railway Line: Land will be acquired across 36 villages of Balodabazar / केंद्र सरकार की गति शक्ति योजना के तहत प्रस्तावित छत्तीसगढ़ में खरसिया-परमालकसा वाया बलौदाबाजार-नवा रायपुर नई रेल लाइन परियोजना के लिए बलौदाबाजार जिले के 36 गांवों की 343.56 हेक्टेयर (करीब 849 एकड़) भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
इसमें बलौदाबाजार तहसील के 14, पलारी के 13 और लवन तहसील के 9 गांव शामिल हैं।
रेलवे ने प्रभावित भू-स्वामियों की सूची जारी कर दी है और दावा-आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है।
278 किलोमीटर लंबी परियोजना
करीब 278 किलोमीटर लंबी यह नई रेल लाइन रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, बलौदाबाजार, रायपुर और दुर्ग सहित छह जिलों से होकर गुजरेगी।
पूरी परियोजना के लिए 1,715.85 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 8,741 करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2026-27 के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। परियोजना को 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह रेल परियोजना राज्य में औद्योगिक विकास, माल परिवहन और यात्री सुविधाओं को मजबूत करेगी। परियोजना से खनिज, कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
सरकार ने यह भी कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी तथा पात्र प्रभावितों को निर्धारित नियमों के अनुसार मुआवजा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
