Cyber Awareness CampaignCyber Awareness Campaign
Share This Article

 साइबर अपराधों से बचाव और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिले में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 22 अगस्त को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करीब 3,500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में थाना कोतवाली, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार, कटघोरा एवं पसान की पुलिस टीमों ने विभिन्न विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

स्कूलों में पहुंचकर दी साइबर सुरक्षा की जानकारी

पुलिस टीमों द्वारा निर्मला हायर सेकंडरी स्कूल, ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल बांकीमोंगरा, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जेंजरा, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल बडमार, स्वामी आत्मानंद स्कूल बांकीमोंगरा, सीएसईबी गायत्री मंदिर स्कूल कोरबा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कोरबा एवं हाई स्कूल माखनपुर पाली सहित विभिन्न संस्थानों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों की जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान यूपीआई फ्रॉड, बैंक फ्रॉड, साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अवगत कराया गया।

ओटीपी और यूपीआई पीन किसी से साझा न करें

पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाइश दी कि ओटीपी, यूपीआई, पीन पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक, फर्जी कॉल, संदिग्ध एपीके फाइल और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की सलाह भी दी गई। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर, पुलिस अधिकारी अथवा अन्य परिचित संस्थाओं के नाम का इस्तेमाल कर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे किसी भी कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करना चाहिए।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही नेशनल साइबर क्राईम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी की राशि को रोकने और आवश्यक कार्रवाई करने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराध के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।


Share This Article