रायपुर 23 अक्टूबर 2025 / ETrendingIndia / Uproar over tender for 7 BMW cars for Lokpal, Congress raises questions – ‘Why are the guardians of honesty demanding luxury?’ लोकपाल बीएमडब्ल्यू टेंडर विवाद , भ्रष्टाचार विरोधी संस्था लोकपाल द्वारा अपने चेयरमैन और छह सदस्यों के लिए सात BMW लग्जरी कारें खरीदने का टेंडर जारी करने पर सियासी घमासान मच गया है। कांग्रेस ने इस कदम को सार्वजनिक धन का दुरुपयोग बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने सवाल किया कि जब सुप्रीम कोर्ट के जजों को साधारण सेडान कारें मिलती हैं, तो लोकपाल सदस्यों को महंगी बीएमडब्ल्यू कारों की क्या जरूरत है? उन्होंने कहा कि “इन गाड़ियों पर जनता का पैसा क्यों खर्च किया जा रहा है? उम्मीद है कि कुछ सदस्य इस प्रस्ताव को ठुकरा देंगे।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी इसे “दुखद विडंबना” बताया। उन्होंने कहा कि यह वही संस्था है जो ईमानदारी की निगरानी के लिए बनी थी, लेकिन अब लग्जरी की ओर झुक रही है।
वहीं, जयराम रमेश ने तंज कसते हुए कहा, “लोकपाल अब ‘शौकपाल’ बन गया है।” उन्होंने पूछा कि “भ्रष्टाचार के कितने मामलों में लोकपाल ने कार्रवाई की है, जो अब लग्जरी कारों की जरूरत महसूस हो रही है?”
लोकपाल की स्थापना जन लोकपाल आंदोलन के बाद संसद द्वारा की गई थी। इसके वर्तमान अध्यक्ष न्यायमूर्ति अजय माणिकराव खानविलकर हैं, जो सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रह चुके हैं।
