रायपुर,04 जनवरी ( एजेंसी) / ETrendingIndia / महिला आरक्षक पर हमला , छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के सीएचपी चौक, लिब्रा में धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक प्रदर्शन के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, बदसलूकी, अमानवीय, निंदनीय व्यवहार, कपड़ा फ ाडऩे और अभद्र व्यवहार एवं लूट की गंभीर घटना में शामिल पांच आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार गहन पतासाजी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मंगल राठिया निवासी ग्राम आमगांव, चिनेश खमारी निवासी ग्राम आमगांव, प्रेमसिंह राठिया निवासी ग्राम आमगांव, कीर्ति श्रीवास निवासी ग्राम आमगांव व वनमाली राठिया निवासी ग्राम झरना शामिल हैं।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा एक महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट, आपत्तिजनक कृत्य, अमानवीय और निंदनीय व्यवहार, कपड़ा फाडऩे और अभद्र व्यवहार और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया।
उक्त गंभीर घटनाक्रम के संबंध में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 309/25 पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 109, 74, 76, 296, 351(2), 115 (2), 221, 132, 309(4), 309(6), 3(5) भा.न्या.सं. तथा आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
