रायपुर 17 नवम्बर 2025/ ETrendingIndia / Maksi will now be known as a green manufacturing hub: Chief Minister Dr. Yadav; groundbreaking and inauguration of 6 industrial units costing Rs 8174 crore; green energy equipment to be manufactured / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मालवा क्षेत्र, जो अपनी मीठी संस्कृति और उर्वर भूमि के लिए मशहूर है, अब ग्रीन एनर्जी का हब बनने जा रहा है। शाजापुर जो सोने और नमकीन के लिए जाना जाता है, अब अपनी औद्योगिक प्रगति के लिए भी पहचाना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से उज्जैन-शाजापुर की पुण्यधरा हरित ऊर्जा उत्पादन में उपयोग होने वाले सभी उपकरणों का प्रोडक्शन सेंटर बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि मक्सी नगर अब सेंट्रल इंडिया के ग्रीन मैनुफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित होकर अपनी नई पहचान कायम करेगा।
इससे यहां के किसानों को अपने ही क्षेत्र में प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और भंडारण की भी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले के औद्योगिक प्रक्षेत्र मक्सी के दशहरा मैदान में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने मक्सी नगर में करीब 8174 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 6 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें चार इकाइयों का भूमिपूजन एवं दो इकाइयों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने करीब 384 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से उज्जैन से मक्सी तक निर्मित होने वाली करीब 38.95 किलोमीटर लम्बी फोर लेन रोड़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।
पार्वती-कालीसिंध नदी जोड़ो लिंक परियोजना का लाभ भी इस क्षेत्र को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां 487 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से 20 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन सम्पन्न हुआ है। छह औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन और लोकार्पण से यहां 8174 करोड़ रुपये से अधिक का पूंजी निवेश आएगा। इससे इस क्षेत्र के 15 हज़ार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को हम 20 प्रतिशत तक लेकर जाएंगे। गाय पालने वाले लोगों को हम 40 रुपए प्रति गौमाता अनुदान देंगे। हम गीता जयंती भी हर्ष और आनंद के साथ मनाएंगे। साथ ही प्रदेश के सभी नगरों में गीता भवन भी बनाएंगे।शुजालपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज और शाजापुर में मेडिकल कॉलेज बनने जा रहा है।
अब जनजातीय कार्य विभाग के अधीर कन्या शिक्षा परिसर/आश्रम/छात्रावास महारानी दुर्गावती के नाम से जाने जाएंगे। इसी तरह बालक छात्रावास महाराजा शंकर शाह के नाम पर संचालित किए जाएंगे।
उज्जैन, शाजापुर और देवास बन रहा है नया औद्योगिक सर्किट
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन, देवास और शाजापुर मिलकर अब मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक त्रिवेणी बन रहे हैं। यहां निवेश, इंडस्ट्री, उपजाऊ भूमि और स्किल्ड वर्कफोर्स भी उपलब्ध है.उज्जैन- देवास- शाजापुर कॉरिडोर की सबसे बड़ी ताकत इसकी ऑल टाइम कनेक्टिविटी है। यह क्षेत्र केवल औद्योगिक भूमि का समूह नहीं रहा, बल्कि ग्रीन एनर्जी, मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई, सप्लाई चेन, खाद्य प्रसंस्करण और ऊर्जा उपकरणों के निर्माण का तेज़ी से उभरता हुआ क्लस्टर बन चुका है।
उन्होंने कहा कि शाजापुर के मक्सी नगर में 88 हेक्टेयर क्षेत्रफल में एक बहुउद्देशीय औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। यहां की 60 से अधिक सक्रिय औद्योगिक इकाइयां स्थानीय रोज़गार का बड़ा आधार बन चुकी हैं। इन इकाइयों से लगभग 9 हज़ार लोगों को रोजगार मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि शाजापुर के भदौनी- बामनियाखेड़ी-खेरखेड़ी क्षेत्र में 30 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित हो रहे एमएसएमई पार्क में लगभग 2500 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश हो रहा है। यह क्षेत्र 4 हजार नए रोजगार के अवसरों का स्रोत बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा अब तक फसल क्षति एवं प्राकृतिक आपदा में कुल 1802 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि प्रदेश के पीड़ित किसानों को दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान भाइयों के लिए भावांतर योजना भी शुरू हो गई है। अभी तीन दिन पहले ही प्रदेश के 1.33 लाख से अधिक किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपए भावांतर राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री द्वारा आज जिन औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन किया गया, उनमें मेसर्स जैक्सन इन्ट्रीग्रेटेड सोलर लिमिटेड की निर्माण इकाई (निवेश राशि – 7104.89 करोड़ रुपए) और मेसर्स रूक्मणी एंड संस की निर्माण इकाई (निवेश राशि – 10 करोड़ रुपए) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले में प्रस्तावित लखुन्दर सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने बेरछा-झोकरा-मक्सी सड़क मार्ग के 110 करोड़ रुपए से होने वाले उन्नयन कार्य को मंजूरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मोहन बड़ोदिया में बायपास सहित अन्य क्षेत्रीय सड़कों के निर्माण कार्य को भी मंजूरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लखुंदर नदी पर 20 करोड़ रुपए की लागत वाले एक उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मतगांव में 315 एमपीए क्षमता का ग्रिड निर्माण कार्य, मक्सी में युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रस्तावित लैब निर्माण कार्य को मंजूरी देते हुए नगरपालिका शाजापुर एवं नगर परिषद मक्सी में विभिन्न विकास कार्यों की लिए 10-10 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
