रायपुर,15 जून 2026/ ETrendingIndia / “World Blood Donor Day: Governor honors Manisha Sharma of Sukma” विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडप में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में प्रदेशभर के उत्कृष्ट स्वैच्छिक रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष रमेन डेका ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस जीवनरक्षक अभियान से जुडऩे का आह्वान किया।
समारोह में सुकमा जिले के लिए भी विशेष गौरव का रहा, जब जिले की सक्रिय समाजसेवी एवं स्वैच्छिक रक्तदान अभियान की प्रेरक मनीषा शर्मा को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल के करकमलों से सम्मानित किया गया।
उन्होंने स्वयं नियमित रक्तदान करने के साथ-साथ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया तथा विभिन्न रक्तदान शिविरों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उनके सतत प्रयासों से जिले में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है और अनेक लोग इस जनहितकारी अभियान से जुड़े हैं।
जिला प्रशासन ने मनीषा शर्मा की इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि उनका सम्मान समाज में सेवा, संवेदनशीलता और जनभागीदारी की भावना को और सशक्त करेगा।
प्रशासन ने जिलेवासियों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा मानव जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।
यह सम्मान न केवल सुकमा जिले की उपलब्धि है, बल्कि महिलाओं की सामाजिक नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण भी है।
