Marigold FarmingMarigold Farming
Share This Article

रायगढ़, 22 नवंबर 2026। Marigold Farming : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के किसान विद्याधर पटेल ने अपनी मेहनत, नई सोच और सरकारी तकनीकी मार्गदर्शन से फूलों की खेती को मुनाफे का व्यवसाय बना दिया है।

लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी विद्याधर 7 से 8 एकड़ में गेंदे के फूलों की खेती कर सालाना करीब 35 लाख रुपये की आमदनी अर्जित कर रहे हैं।

उनके खेतों से छत्तीसगढ़ के कई जिलों के साथ ओडिशा तक फूलों की आपूर्ति हो रही है। उनकी खेती से स्थानीय लोगों को भी नियमित रोजगार मिल रहा है।

सब्जी की खेती से शुरू हुआ सफर

विद्याधर पहले पारंपरिक तरीके से सब्जियों की खेती करते थे। रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों के दौरान गेंदे के फूलों की अच्छी मांग देखकर उन्होंने इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का निर्णय लिया। धीरे-धीरे अनुभव बढ़ा और खेती का रकबा 8 एकड़ तक पहुंच गया।

एक एकड़ से 5 लाख रुपये तक की बिक्री

विद्याधर के मुताबिक, एक एकड़ में गेंदे की खेती पर लगभग 1 से 1.5 लाख रुपये खर्च आता है, जबकि बिक्री करीब 5 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। दशहरा से दीपावली के बीच फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। सीजन में प्रतिदिन 12 से 15 वाहनों से फूल बाजार भेजे जाते हैं।

वैज्ञानिक तकनीक से घटाया नुकसान

शुरुआत में समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने का खतरा रहता था। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से उन्होंने पॉलीबैग में पौधे तैयार करने की तकनीक अपनाई। साथ ही ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था की, जिससे उत्पादन और बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बना।

छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक कारोबार

रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, कोरबा, जशपुर और अंबिकापुर सहित कई जिलों के अलावा सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला और संबलपुर तक उनके खेतों के फूल पहुंच रहे हैं।

फूलों के साथ सब्जियों से भी कमाई

गेंदे की खेती के अलावा विद्याधर 4 से 5 एकड़ में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी उगाते हैं। उनकी यह पहल बताती है कि बाजार की मांग को समझकर आधुनिक तकनीक अपनाई जाए तो खेती को रोजगार और अच्छी आमदनी का मजबूत जरिया बनाया जा सकता है।


Share This Article
Advertisement Carousel