रायपुर, 12 जून 2026/ Medical College: Major setback for medical education in Chhattisgarh…! NMC halts 5 new medical colleges… proposals rejected even before inspection.
Medical College : छत्तीसगढ़ सरकार की मेडिकल शिक्षा विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना को बड़ा झटका लगा है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने प्रदेश के पांच नए मेडिकल कॉलेजों को मान्यता देने से इनकार कर दिया है। इसके साथ ही राज्य में एक साथ 250 नई MBBS सीटें बढ़ाने की तैयारी भी फिलहाल अधर में लटक गई है।
दस्तावेजों में खामियां पड़ी भारी
दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी (जशपुर), जांजगीर-चांपा और कवर्धा में नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई थी। कॉलेजों के लिए डीन की नियुक्ति हो चुकी थी और फैकल्टी सहित अन्य आवश्यक पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी जारी थी। लेकिन NMC ने ऑनलाइन प्रस्तुत दस्तावेजों और उपलब्ध जानकारी की जांच के बाद प्रस्तावों को मंजूरी देने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कई कॉलेजों के स्थायी भवन अभी तैयार नहीं हुए हैं। कुछ जिलों में जिला अस्पताल तक उपलब्ध नहीं है, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) को बड़े अस्पताल के रूप में दर्शाकर अनुमति मांगी गई थी। इन्हीं कमियों के चलते NMC ने स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ाई।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के दस्तावेजों में कुछ कमियां पाई गई हैं। NMC के नियमों के अनुसार अपील के लिए 15 दिनों का समय मिलता है। विभाग कमियों को दूर कर दोबारा अपील करेगा।
इस बीच नए मेडिकल कॉलेजों के लिए 175 डॉक्टरों की संविदा भर्ती भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। वॉक-इन इंटरव्यू में केवल 9 डॉक्टर पहुंचे, जिनमें से 8 की नियुक्ति की गई। वहीं प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक और सीनियर रेजिडेंट के 149 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया अभी जारी है।
यदि इन पांच मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिल जाती, तो प्रदेश में MBBS सीटों की संख्या 1,430 से बढ़कर 1,680 हो जाती। फिलहाल छात्रों और अभिभावकों को सरकार की अगली कार्रवाई का इंतजार है।
