RSS chief Mohan BhagwatRSS chief Mohan Bhagwat
Share This Article

रायपुर, 26 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / अमेरिका में न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने मैडिसन स्क्वायर गार्डन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के आगामी कार्यक्रम का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को अलग-थलग करने या बाहर रखने की बात करने वाली सोच के किसी कार्यक्रम का वह समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार उनके पास है या नहीं।

ममदानी ने कहा, मेरी मां का परिवार अभी भी भारत में है और उन्होंने जो भारत की छवि मुझे दिखाई और जिसे देखकर मैं बड़ा हुआ, वह एक ऐसे समाज की थी, जिसमें कई तरह के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। एक ऐसा धर्मनिरपेक्ष गणतंत्र जो हर भारतीय को अपना मानता है।
उन्होंने कहा, सच कहूं तो, किसी देश के प्रति भेदभावपूर्ण या बहिष्कार वाली सोच पर आधारित किसी आंदोलन का बढऩा चिंताजनक है। इसलिए, मैं इसका कड़ा विरोध करता हूं।

ममदानी ने कहा कि वह कार्यक्रम का विरोध न केवल भारतीय-अमेरिकी के तौर पर, बल्कि एक ऐसे शहर के मेयर के तौर पर भी कर रहे हैं, जो हर व्यक्ति के अपनेपन में गहराई से विश्वास करता है, चाहे उनका रंग, पंथ, धर्म-आस्था कुछ भी हो या वे कहीं से भी आए हों।
उन्होंने कहा, मैं इस रैली का समर्थन नहीं करता, लेकिन मुझे नहीं पता कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार उनके पास है या नहीं।

भागवत 17 दिन तक अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के दौरे पर हैं। वह 25 अगस्त को अमेरिका पहुंचे हैं। यहां 29 अगस्त को यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन कार्यक्रम में भारतीय-अमेरिकी हिंदू समुदाय को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम अमेरिकन हिंदू फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग फोरम का है।


Share This Article