MP Healthcare DevelopmentMP Healthcare Development
Share This Article

भोपाल, 26 नवंबर 2026। MP Healthcare Development : मध्य प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगले दो वर्षों में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार होंगे। इससे राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के साथ आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले के पोलायकलां में आयोजित नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित करते हुए यह बात कही।

दो साल में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। विभिन्न स्थानों पर अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालयों की शुरुआत की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। उन्होंने आयुष्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आम लोगों को इलाज में काफी लाभ मिला है।

मुफ्त हृदय जांच शिविर से बढ़ेगी स्वास्थ्य जागरूकता

शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील में जिला प्रशासन और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन उज्जैन की ओर से राष्ट्रसेवी स्वर्गीय शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान शुरू किया गया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य जांच के माध्यम से लोगों को अपनी बीमारियों और स्वास्थ्य की स्थिति का समय रहते पता चल सकेगा। इससे आवश्यक सावधानियां बरतने और समय पर उपचार कराने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर ऐसे शिविरों के आयोजन को महत्वपूर्ण बताया।

एयर एम्बुलेंस और राहवीर योजना का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की है। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दिलाने के उद्देश्य से राहवीर योजना संचालित की जा रही है। इसके अलावा सभी जिलों में शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि जरूरतमंद परिवारों को कठिन परिस्थितियों में सहायता मिल सके।

किसान, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में भी विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों के हित में कई फैसले ले रही है। प्रदेश में सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है, जिससे व्यापार, रोजगार और शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने लाड़ली बहना योजना की निरंतरता सुनिश्चित करने, सांदीपनि विद्यालयों के विस्तार और चिकित्सा महाविद्यालयों के निर्माण को भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

स्व. शालिगराम तोमर के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रसेवी स्वर्गीय शालिगराम तोमर के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाजसेवा और संगठन क्षमता का उदाहरण रहा। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक कार्यों से जोड़ने, गौशाला और ग्राम विकास जैसे कार्यों में योगदान दिया। आपातकाल के कठिन दौर में भी उन्होंने लोगों को साहस और संबल प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विचारों और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है।

उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया।


Share This Article
Advertisement Carousel