रायपुर, 13 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “The Chief Minister will launch the MP Tech Growth Conclave 3.0 – GCC, Data Centre and Semiconductor.” मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार 13 जुलाई को भोपाल में एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 : जीसीसी, डेटा सेंटर एवं सेमीकंडक्टर का शुभारंभ करेंगे।
राज्य सरकार के प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक विकास के विजन को साझा कर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर निवेश, परियोजनाओं के क्रियान्वयन एवं भावी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री कॉनक्लेव परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित टेकग्रोथ कॉनक्लेव 3.0 का उद्देश्य उच्च-विकास वाले प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में निवेश को गति देना और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), डेटा सेंटर एवं सेमीकंडक्टर क्षेत्र में प्रदेश को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करना है।
कॉनक्लेव में मध्यप्रदेश की प्रौद्योगिकी विकास यात्रा पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम में विभिन्न रणनीतिक साझेदारियों और समझौतों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा.
कॉन्क्लेव में सेमीकंडक्टर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स एवं डेटा सेंटर्स विषयों पर केंद्रित राउंडटेबल चर्चाएं आयोजित होंगी।
इनमें वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और शिक्षाविद् राज्य में निवेश की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन, औद्योगिक अधोसंरचना, नीतिगत सहयोग और भविष्य की आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
चर्चा के प्रमुख विषयों में मध्यप्रदेश में एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का विकास, राज्य को भारत के अगले प्रमुख जीसीसी गंतव्य के रूप में स्थापित करना और डिजिटल अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाना शामिल है।
कॉन्क्लेव में देश और विदेश की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनियों, उद्योग संगठनों, निवेशकों, स्टार्टअप्स, इनक्यूबेटर्स, शोध एवं शैक्षणिक संस्थानों और नीति विशेषज्ञों सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सीटीआरएलएस डेटासेंटर्स, केन्स टेक्नोलॉजीस, फुजियामा पॉवर और न्योबोल्ट लिमिटेड सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधि विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं पर अपने विचार रखेंगे।
